
लखनऊ. उप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को सदन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण को ”कट एंड पेस्ट अभिभाषण” करार दिया और आरोप लगाया कि जिन योजनाओं का उल्लेख किया गया है वह जमीन पर नहीं उतरी हैं, सच्चाई से कोसों दूर हैं.
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए बुधवार को सत्ता पक्ष के डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने प्रस्ताव किया था जिस पर बृहस्पतिवार को पक्ष और विपक्ष के सदस्य बोल रहे थे. चर्चा में भाग लेते हुए अखिलेश यादव ने तंज करने के अंदाज में नेता सदन (मुख्यमंत्री) योगी आदित्यनाथ की ओर देखते हुए कहा कि उनका (राज्यपाल) भाषण कट एंड पेस्ट भाषण था, अभिभाषण में जो योजनाएं दी गई हैं वह जमीन पर नहीं उतरीं, सच्चाई से कोसों दूर हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्यपाल का बहुत समय बर्बाद किया, एक घंटा एक मिनट में उन्होंने अपनी बात रखी.
सपा मुखिया ने अभिभाषण पर जो भी बोला वह झूठ का पुलिंदा है : पाठक
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्यपाल के अभिभाषण पर मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के सदस्यों के विरोध प्रदर्शन की निंदा की और कहा कि सपा मुखिया ने इसपर जो कुछ भी बोला वह झूठ का पुलिंदा है. उप मुख्यमंत्री पाठक ने बृहस्पतिवार को सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कहा कि सपा के लोगों ने अभिभाषण के समय जिस तरह हुड़दंग किया, उसकी 25 करोड़ लोगों की तरफ से वह निंदा करते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत देर से हम नेता प्रतिपक्ष (अखिलेश यादव) की बातें सुन रहे थे और इसके पहले मन में विचार कर रहे थे कि राज्यपाल के अभिभाषण के समय समाजवादियों के हुड़दंग को देखकर नेता प्रतिपक्ष माफी मांगेंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘सपा मुखिया ने अभिभाषण पर जो भी बोला वह झूठ का पुलिंदा है और कहीं भी सत्य नहीं है.’’ अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए पाठक ने कहा, ‘‘मैंने सुना था कि जब राजा का राजपाट चला जाता तो कुछ लोग डिस्टर्ब हो जाते हैं.’’



