तुर्किये और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या हुई 47 हजार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 Feb 2023 08:27 PM
ऑडियो सुनें

अंकारा. तुर्किये और सीरिया में छह फरवरी को आए भूकंप के झटकों से मरने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है और अबतक करीब 47 हजार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है. अधिकारियों ने बताया कि हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि मलबे से शवों का बरामद होना जारी है. उन्होंने बताया कि इस सप्ताह तुर्किये के हताय प्रांत में आए 6.4 तीव्रता के भूंकप में पहले से ही जर्जर हो चुकी कई और इमारतें ध्वस्त हो गईं.

तुर्किये के गृहमंत्री सुलेमान सोयलू ने बताया कि देश में छह फरवरी को आए भूंकप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 43,556 हो गई है. अगर सीरिया में भूकंप से मारे गए लोगों की संख्या को भी मिला दिया जाए तो अबतक इस आपदा में 47,244 लोगों की जान जा चुकी है.

सोयूल ने बुधवार को सरकारी प्रसारक टीआरटी को दिए साक्षात्कार में कहा कि हताय प्रांत में भूकंप से ध्वस्त हुईं दो इमारतों में शवों की तलाश की जा रही है जबकि बाकी स्थानों पर बचाव कार्य समाप्त हो गया है. तुर्किये के पर्यावरण व शहरीकरण मंत्री मूरत कुरम ने बताया कि भूकंप से करीब 1,64,000 इमारतें या तो ध्वस्त हो गई हैं या इतनी जर्जर हो गई हैं कि उन्हें ध्वस्त करने की जरूरत है.

वहीं उत्तर पश्चिम में स्थानीय सिविल डिफेंस, जिसे व्हाइट हेलमेट के नाम से जाना जाता है, ने बृहस्पतिवार को बताया कि हजारों बच्चों और उनके परिवारों ने कार या तंबू में शरण ले रखी है और उन्हें डर है कि दोबारा भूकंप आ सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu