आप कह सकते हैं कि आप पूरी जिंदगी बदकिस्मत रहे: हीली ने हरमनप्रीत पर कसा तंज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Feb 2023 03:51 PM
ऑडियो सुनें

केपटाउन. ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली का मानना है कि महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर का रन आउट किस्मत नहीं बल्कि ‘वास्तविक प्रयास’ में कमी के कारण हुआ था. हरमनप्रीत और जेमिमा रोड्रिग्स की 41 गेंदों में 69 रन की चौथे विकेट की साझेदारी के दम पर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के करीब पहुंच गयी थी. लेकिन 15वें ओवर में दूसरा रन पूरा करने की कोशिश के दौरान हरमनप्रीत का बल्ला पिच में फंस गया और हीली ने गिल्लियां बिखेर कर भारतीय कप्तान को रन आउट कर दिया.

यहां से मैच का रुख पलट गया और पांच रन की करीबी हार से भारतीय टीम का विश्व कप अभियान खत्म हो गया. हीली ने ‘एबीसी स्पोर्ट्स’ के ट्विटर पर जारी वीडियो में रविवार को कहा, ‘‘ यह एक विचित्र मामला है और मेरा मतलब है कि हरमनप्रीत कह सकती है कि वह बदकिस्मत रही लेकिन मेरा मानना है कि उनके प्रयास में कमी रह गयी और वह शायद क्रीज को पार कर सकती थी. अगर वह ईमानदारी से प्रयास करती तो यह बस दो मीटर का मामला था. हमें इसका कोई मलाल नहीं.’’ मैच के बाद हरमनप्रीत ने नम आंखों के साथ कहा था, ‘‘मैं इससे ज्यादा दुर्भाग्यशाली महसूस नहीं कर सकती. लेकिन हीली उन पर तंज कसने में पीछे नहीं रही.

हीली ने कहा, ‘‘आप कह सकते हैं कि आप अपने पूरे जीवन बदकिस्मत रहे, लेकिन यह आम तौर पर उस समय के प्रयास और ऊर्जा के बारे में है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह विकेटों के बीच दौड़ने के बारे में है. यह उन छोटी-छोटी बुनियादी चीजों को लेकर विपक्ष से बेहतर करने के बारे में है और बड़े टूर्नामेंट इसी तरह से जीत सकते हैं. मुझे लगता है कि हम इसे काफी अच्छे से कर रहे हैं.’’ हीली ने कहा कि अगर बल्लेबाज के साथ कोई परेशानी होती है तो वह गिल्लियां बिखेरने से बचती हैं लेकिन हरमनप्रीत का मामला ऐसा नहीं था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu