डब्ल्यूपीएल हमें टी20 विश्व कप सेमीफाइनल की हार से उबरने में मदद करेगा: जेमिमा रोड्रिग्स

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Mar 2023 07:03 PM
डब्ल्यूपीएल हमें टी20 विश्व कप सेमीफाइनल की हार से उबरने में मदद करेगा: जेमिमा रोड्रिग्स
ऑडियो सुनें

मुंबई. स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने गुरूवार को स्वीकार किया कि महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को मिली निराशाजनक हार अब भी खिलाड़ियों को परेशान करती है और महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) इस दर्द को कम करने में मदद करेगी.

जेमिमा और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच चौथे विकेट के लिये 69 रन की साझेदारी से भारत महिला टी20 विश्व कप के अंतिम चार मैच में जीत के करीब पहुंच गया था लेकिन उनकी भागीदारी खत्म होने के बाद टीम को मेग लैंिनग की आस्ट्रेलिया से पांच रन से हार का सामना करना पड़ा.

जेमिमा ने मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘हम सेमीफाइनल की हार के बाद दो दिन के लिये दक्षिण अफ्रीका में थे. हर कोई निराश था. लेकिन यहां आकर (डब्ल्यूपीएल के लिये) और परिवार के साथ दो दिन बिताने से हार का दर्द कम करने में मदद मिली. ’’

उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से यह हार हमें लगातार परेशान कर रही है लेकिन साथ ही डब्ल्यूपीएल एक वरदान की तरह है क्योंकि हम सीधे इस टूर्नामेंट में आये हैं जिससे हमें नकारात्मक विचारों और जो चीजें हमें परेशान कर रही हैं, उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी. हम कड़ी मेहनत करते रहेंगे और इसी तरह से हम अपना ध्यान उस हार से हटा सकते हैं. ’’ जेमिमा ने कहा कि उन्हें लगता है कि डब्ल्यूपीएल भारत की प्रतिभाओं को ढूंढने में मदद करेगा और ये खिलाड़ी भविष्य में अंतर पैदा करेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu