महिला से सामूहिक बलात्कार के मामले में छह गिरफ्तार, एक नाबालिग धरा गया

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मेले में शामिल होने गयी, 23 वर्षीय एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार के आरोप में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है तथा इस घटना में एक नाबालिग लड़के को भी पकड़ा गया है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के दरभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मावलीपदर गांव में महिला के साथ बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया है तथा एक लड़के को पकड़ा है. उन्होंने बताया कि परपा थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने पुलिस में शिकायत की है कि वह शनिवार को मावलीपदर गांव में मेला देखने गई थी. उन्होंने बताया कि देर शाम जब वह अपने ममेरे भाई के साथ गांव के बाहरी इलाके में खाना खा रही थी तब पास के एक गांव के सात आरोपी वहां पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवकों के धमकाने के बाद महिला का भाई मौके से फरार हो गया, जिसके बाद आरोपी महिला को पास के जंगल में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान कुछ स्थानीय लोग महिला के बचाव में आए और कुछ आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया. बाद में उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बाद में शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button