कराची विश्वविद्यालय में होली खेल रहे छात्रों पर हमला, 15 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Mar 2023 08:47 PM
कराची विश्वविद्यालय में होली खेल रहे छात्रों पर हमला, 15 घायल
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के कम से कम 15 छात्र मंगलवार को एक कट्टरपंथी इस्लामी छात्र संगठन के सदस्यों द्वारा यहां कराची विश्वविद्यालय परिसर में कथित तौर पर होली मानने से रोकने को लेकर हुए विवाद के दौरान घायल हो गए.

पिछले दो दिन में इस तरह की यह दूसरी घटना है. सोमवार को पंजाब विश्वविद्यालय के ‘‘लॉ कॉलेज’’ में भी ऐसी ही घटना हुई, जब करीब 30 हिंदू छात्र होली मनाने के लिए जमा हुए थे. इस दौरान उन पर हुए हमले में 15 छात्र घायल हो गए थे. कराची विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि सिंधी विभाग में एक घटना हुई थी, जहां हिंदू और अन्य छात्र होली मना रहे थे और एक दूसरे पर रंग फेंक रहे थे और इसी दौरान कुछ छात्रों ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया.

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम इस घटना की जांच कर रहे हैं जो पूरी तरह से हमारी नीतियों के खिलाफ है.’’ एक हिंदू छात्रा ने अन्य छात्रों के साथ मास्क पहनकर बाद में पूरी घटना को रेखांकित करते हुए ट्विटर पर एक वीडियो जारी किया. उन्होंने कहा, ‘‘इस्लामी जमीयत तुलबा के कार्यकर्ता आए और परिसर में होली मना रहे छात्रों पर हमला किया. उन्होंने कई छात्रों को पीटा.’’ छात्रा ने कहा, ‘‘उन्होंने छात्राओं को भी परेशान किया और हमें उस जगह से जाना पड़ा. हम होली का त्योहार मनाने के लिए इकट्ठे हुए थे. मैं चाहती हूं कि सरकार और विश्वविद्यालय जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu