WPL: पैरी का अर्धशतक, आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 151 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Mar 2023 09:10 PM
WPL: पैरी का अर्धशतक, आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 151 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

नवी मुंबई.  एलिस पैरी के अर्धशतक और रिचा घोष की तेजतर्रार पारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में सोमवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चार विकेट पर 150 रन बनाए। डब्ल्यूपीएल में पहली जीत की तलाश में जुटे आरसीबी की ओर से पैरी ने 52 गेंद में पांच छक्कों और चार चौकों से नाबाद 67 रन की पारी खेलने के अलावा रिचा घोष (16 गेंद में 37 रन, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 74 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

पैरी और रिचा की पारियों से आरसीबी की टीम अंतिम छह ओवर में 82 रन जोड़ने में सफल रही। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शिखा पांडे सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मारिजान केप ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 18 रन दिए लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। एलिस कैप्से ने तीन ओवर में 31 जबकि जेस जोनासेन ने चार ओवर में 39 रन खर्च किए।

दिल्ली की कप्तान मेग लेंिनग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। मारिजान केप ने स्मृति मंधाना (08) को पहला ओवर मेडन डाला जिसके बाद सोफी डिवाइन (21) ने एलिस कैप्से पर चौके के साथ अपना और टीम का खाता खोला। सोफी और स्मृति दोनों ने मारिजान के अगले ओवर में चौके जड़े। सोफी ने एलिस कैप्से पर भी चौका मारा लेकिन स्मृति ने शिखा पांडे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री के समीप जेमिमा रोड्रिग्स को कैच थमा दिया।

एलिस पैरी ने शिखा पर चौके के साथ खाता खोला। सोफी हालांकि 16 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब जेस जोनासेन ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। बेंगलोर की टीम पावर प्ले में एक विकेट पर 29 रन ही बना सकी। बेंगलोर की बल्लेबाजों को दिल्ली के तेज गेंदबाज और स्पिन मिश्रित आक्रमण के खिलाफ बीच के ओवर में रन गति में इजाफा करने में परेशानी हुई। इसी बढ़ते दबाव के बीच सोफी शिखा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गई।

पैरी ने जोनासेन पर चौके और फिर एक रन के साथ 10 ओवर में टीम का स्कोर दो विकेट पर 50 रन तक पहुंचाया। शिखा ने इसके बाद तारा नौरिस की गेंद पर हीथर नाइट (11) का शानदार कैच लपककर बेंगलोर का स्कोर 13वें ओवर में तीन विकेट पर 63 रन किया। पैरी ने हालांकि एक छोर संभाले रखा। उन्होंने शिखा पर चौका मारा जिसके बाद इस तेज गेंदबाज ने अपने ही ओवर में उनका कैच टपका दिया। पैरी ने इसका फायदा उठाकर इस तेज गेंदबाज पर लांग आॅन पर छक्का जड़ दिया।

रिचा घोष ने भी तेवर दिखाते हुए 16वें ओवर में कैप्से पर दो चौका और एक छक्का जड़ा। पैरी ने अगले ओवर में तारा पर दो छक्कों के साथ 45 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। रिचा ने भी इस ओवर में छक्का जड़ा। दोनों बल्लेबाज ने अगले ओवर में जोनासेन पर भी छक्के मारे।

शिखा ने रिचा को विकेटकीपर तानिया भाटिया के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। मैदानी अंपायर ने बल्लेबाज को आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा। पैरी ने जोनासन के अंतिम ओवर में छक्के के साथ टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu