देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 35,199 हुई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 10 Apr 2023 12:24 PM
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 35,199 हुई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,880 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,62,496 हो गई है। वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 35,199 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली तथा हिमाचल प्रदेश में चार-चार और गुजरात, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र तथा राजस्थान में एक-एक मरीज की मौत होने के बाद देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,979 हो गई। साथ ही, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में दो नाम और जोड़े हैं।

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 35,199 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.8 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.73 प्रतिशत है। देश में संक्रमण की दैनिक दर 6.91 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 3.67 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,41,96,318 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav