हमारे साथ ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चमक बिखेरेगा यशस्वी: संगकारा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 01 May 2023 12:28 PM
हमारे साथ ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चमक बिखेरेगा यशस्वी: संगकारा
ऑडियो सुनें

मुंबई: राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि यशस्वी जायसवाल बहुत तेजी से सीखते हैं और उनमें इंडियन प्रीमियर लीग की उनकी फ्रेंचाइजी की तरफ से ही नहीं बल्कि भारत की तरफ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी चमक बिखेरने की क्षमता है।

इक्कीस वर्षीय जायसवाल ने आईपीएल के वर्तमान सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक 47.5 की औसत से 428 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।

संगकारा ने राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस के हाथों छह विकेट से हार के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘ वहां बेहद प्रतिभाशाली ही नहीं बल्कि कड़ी मेहनत करने वाला खिलाड़ी है। वह तैयारियों में काफी समय लगाता है और नेट्स पर काफी समय बिताता है। ’’

उन्होंने कहा,‘‘ उसने तीन से चार साल हमारे साथ बिताए हैं और इससे पता चलता है कि वह अपने काम के प्रति काफी एकाग्र चित्त है और उसके प्रदर्शन से भी इसका पता चलता है।’’ जायसवाल ने मुंबई के खिलाफ मैच में 62 गेंदों पर 124 रन बनाए जिसमें 16 चौके और आठ छक्के शामिल हैं।

संगकारा ने कहा,‘‘ उसने बेहतरीन बल्लेबाजी की। वह लगभग पूरी पारी के दौरान बल्लेबाजी करता रहा। उसे केवल हमारे साथ ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अभी लंबा सफर तय करना है। उसे राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए लगातार रन बनाते रहने होंगे।’’

जायसवाल की शानदार पारी से राजस्थान रॉयल्स में सात विकेट पर 212 रन बनाए लेकिन मुंबई ने टिम डेविड की 14 गेंदों पर नाबाद 45 रन की पारी से जीत दर्ज की। आॅस्ट्रेलिया के इस आॅलराउंडर ने जेसन होल्डर पर लगातार तीन छक्के जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि वह टीम को इस तरह से जीत दिलाने के लिए आतुर थे।

डेविड ने कहा,‘‘ मैं टीम को इस तरह से जीत दिलाने के लिए आतुर था इसलिए मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। टीम बेहद रोमांचित है और सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैं अपने लिए मौके के इंतजार में था और मैं वास्तव में बहुत खुश हूं कि मैंने इसका पूरा फायदा उठाया।’’

उन्होंने कहा,‘‘ पिछले साल आईपीएल में मेरा पहला अनुभव था और मैं अपना नाम बनाने और टीम में जगह पक्की करने के लिए आतुर था। लेकिन अब मैं जब भी मुंबई इंडियंस की शर्ट पहनता हूं तो उसे जीत दिलाने की कोशिश करता हूं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav