पहलवानों के खिलाफ कार्रवाई: तय स्थान पर प्रदर्शन तक किसी को छुआ नहीं गया-अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 May 2023 09:00 PM
पहलवानों के खिलाफ कार्रवाई: तय स्थान पर प्रदर्शन तक किसी को छुआ नहीं गया-अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. नये संसद भवन की ओर कूच करने वाले प्रदर्शनकारी पहलवानों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के एक दिन बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि प्रदर्शन को जंतर-मंतर तक सीमित रखने तक उन्हें छुआ तक नहीं गया. विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, संगीता फोगाट, साक्षी मलिक और कई अन्य को दिल्ली पुलिस ने रविवार को उस वक्त हिरासत में ले लिया, जब वे महिला महापंचायत के लिए नए संसद भवन की ओर बढ.ने का प्रयास कर रहे थे.

महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहलवान 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं. रविवार को हिरासत में लिए जाने के बाद पहलवानों को बाद में छोड़ दिया गया.

अधिकारियों ने कहा था कि बाद में, प्रदर्शनकारी पहलवानों के खिलाफ पुलिस की चेतावनी को कथित तौर पर नजरअंदाज करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई थी कि नए संसद भवन के उद्घाटन के दौरान हंगामा करने से ”राष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान” होगा और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को बताने के लिए यहां संवाददाता सम्मेलन में ठाकुर ने कहा कि पहलवानों के आरोपों पर उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुसार पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है.

ठाकुर ने कहा, ”उन्हें (अधिकारियों द्वारा) तय जगह पर विरोध प्रदर्शन करने से किसी ने नहीं रोका. जब उन्होंने निर्धारित स्थान पर कैंडल मार्च निकाला, तो किसी ने उन्हें नहीं रोका.” मंत्री ने कहा कि चूंकि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है, इसलिए उन्हें आगे आना चाहिए और अपना बयान दर्ज कराना चाहिए तथा जांच पूरी होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu