जीडीपी के आंकड़े भारत के विकास के खिलाफ राहुल के झूठ का पर्दाफाश करते हैं : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Jun 2023 11:00 PM
जीडीपी के आंकड़े भारत के विकास के खिलाफ राहुल के झूठ का पर्दाफाश करते हैं : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी पर भारत की विकास यात्रा के खिलाफ ‘निराशावाद, घृणा और अविश्वास का बाजार फैलाने’ का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता पर निशाना साधने के लिए देश की 7.2 प्रतिशत की वार्षिक आर्थिक वृद्धि का हवाला दिया.

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कथित नफरत के बीच प्रेम का संदेश फैलाने का गांधी का दावा उनके लिए महज एक बहाना है क्योंकि उनकी प्राथमिकता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे भारत के विकास के खिलाफ नफरत फैलाना है.

उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, ”जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) के आंकड़ों ने आपके नफरत के बाजार के झूठ का पर्दाफाश कर दिया है.” प्रसाद ने राहुल गांधी और रिजर्व बैंक के एक पूर्व गवर्नर के बीच हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी नेता ने दावा किया था कि भारत का निर्यात धीमा पड़ रहा है और देश भाग्यशाली होगा अगर उसकी वृद्धि दर पांच प्रतिशत रहेगी. प्रसाद का इशारा रघुराम राजन की ओर था.

उन्होंने गांधी को एक ‘असाधारण विशेषज्ञ’ बताते हुए दावा किया, ”प्रायोजित विशेषज्ञ की हर भविष्यवाणी गलत साबित हुई है.” प्रसाद ने कहा कि भारत ने 770 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया है, जबकि इसकी मुद्रास्फीति दर 4.7 प्रतिशत है, जो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे कम है.

उन्होंने कहा, ”वह विदेश का दौरा कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वह प्यार का संदेश लेकर आए हैं… वह वास्तव में भारत की विकास यात्रा के खिलाफ नफरत, अविश्वास और निराशावाद का बाजार फैला रहे हैं.” प्रसाद ने गांधी पर ‘भारत की विकास गाथा में विश्वास की कमी के खुले सार्वजनिक प्रदर्शन’ में शामिल होने का आरोप लगाया. पूर्व कानून मंत्री ने कहा कि गांधी ने भारत की प्रतिभा और प्रगति को बदनाम करना अपना लक्ष्य बना लिया है.

उन्होंने गांधी पर निशाना साधने के लिए मॉर्गन स्टेनली की हालिया रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें पिछले 10 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था के बदलावों के पक्ष में बात की गई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता नरेन्द्र मोदी के भारत का प्रधानमंत्री होने की सच्चाई और उनकी समग्र लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं.

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक भारत दुनिया में तीव्र आर्थिक वृद्धि वाला देश बना हुआ है. कृषि, विनिर्माण, खनन और निर्माण क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन से देश की आर्थिक वृद्धि दर बीते वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में 6.1 प्रतिशत रही. इसके साथ, पूरे वित्त वर्ष के दौरान जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो अनुमान से अधिक है.

अमेरिका की यात्रा पर गए राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि भारत में कुछ लोगों का एक समूह है जो सोचते हैं कि वे भगवान से ज्यादा जानते हैं और ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके एक उदाहरण’ हैं. कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में मंगलवार को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए’ द्वारा आयोजित ‘मोहब्बत की दुकान’ कार्यक्रम में गांधी ने कहा कि ये लोग ‘पूरी तरह आश्वस्त’ हैं कि वे सब कुछ जानते हैं और इतिहासकारों को इतिहास, वैज्ञानिकों को विज्ञान और सेना को युद्ध के बारे में समझा सकते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu