बीजापुर : प्रेशर बम की चपेट में आकर सुरक्षा बल का जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Jun 2023 07:35 PM
बीजापुर : प्रेशर बम की चपेट में आकर सुरक्षा बल का जवान घायल
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया है. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कुरूष गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से दंतेवाड़ा डीआरजी का आरक्षक अजय मंडावी घायल हो गया है.

उन्होंने बताया कि सोमवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, एसटीएफ, डीआरजी दंतेवाड़ा और डीआरजी बीजापुर के संयुक्त दल को गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीड़िया गांव की ओर रवाना किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान मंगलवार को अलग-अलग जगहों पर नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने माओवादियों का डेरा और तथाकथित स्मारक स्थल को ध्वस्त कर दिया.

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने माओवादी डेरा से भारी मात्रा में दैनिक उपयोग का सामान, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है. वहीं घटना स्थल में मिले खून के निशान से इस मुठभेड़ में दो-तीन नक्सलियों के घायल होने अथवा मारे जाने की भी संभावना है.
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह अभियान से वापसी के दौरान कुरूष गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से डीआरजी दंतेवाड़ा का जवान अजय मंडावी घायल हो गया. उसे सामान्य चोट आई है. जवान को उपचार के लिये बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu