गृहमंत्री अमित शाह ने अमरनाथ श्रद्धालुओं को दीं शुभकामनाएं…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 01 Jul 2023 01:46 PM
गृहमंत्री अमित शाह ने अमरनाथ श्रद्धालुओं को दीं शुभकामनाएं…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अमरनाथ की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को शनिवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सभी इंतजाम किये हैं। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ श्री अमरनाथ जी की यात्रा अटूट परंपरा तथा ‘सनातन’ संस्कृति की मान्यताओं का प्रतीक है। यह यात्रा आज से शुरू हो रही है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ बाबा बर्फानी के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने हर संभव प्रबंध किए हैं। आपकी सुखद यात्रा ही हमारी प्राथमिकता है। यात्रा के लिए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं। जय बाबा बर्फानी।’’ जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार सुबह तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। शनिवार को 2,733 श्रद्धालु 94 वाहनों में सुबह चार बजकर 50 मिनट पर पहलगाम के लिए रवाना हुए, जबकि 1,683 तीर्थयात्री 92 वाहनों में लगभग एक घंटे पहले बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए।

पिछले माह गृहमंत्री शाह ने वार्षिक यात्रा के सभी प्रबंधों का जायजा लिया था। शाह के निर्देशों पर केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की थी। यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कराने के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं और अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लोग आॅनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। सूत्रों ने बताया कि इस वर्ष किसी भी तरह के आतंकी खतरे से निपटने के लिए ड्रोन तथा टोही कुत्तों की मदद ली जा रही है साथ ही प्राकृतिक आपदाओं से भी निपटने की व्यवस्था की गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav