भारतीय महिला हॉकी टीम जर्मनी से 1-4 से हारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Jul 2023 08:14 PM
भारतीय महिला हॉकी टीम जर्मनी से 1-4 से हारी
ऑडियो सुनें

विस्बाडेन. भारतीय महिला हॉकी टीम को मेजबान जर्मनी के खिलाफ मंगलवार को यहां पहले मैच में 1-4 से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. टीम इस दौरे पर जर्मनी के खिलाफ दूसरा मुकाबला बुधवार को खेलेगी. युवा वैष्णवी विट्ठल फाल्के (29 वां मिनट) भारत के लिए एकमात्र गोल करने वाली खिलाड़ी रही. जर्मनी के लिए नाइक लोरेंज (छठे और 59वें मिनट) और जेटे फ्लेशचुट्ज (14वां और 43वां मिनट) ने दो-दो गोल किये.

जर्मनी ने आक्रामक अंदाज में मैच शुरू कर भारतीय टीम पर दबाव बना दिया. टीम ने इस दौरान भारतीय रक्षापंक्ति को भेदते हुए दो गोल दागे. नाइक ने छठे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला तो वहीं जेटे ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया. इस बीच भारत ने भी 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन टीम इसे गोल में नहीं बदल सकी.

भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में अच्छी वापसी की और इस दौरान खिलाड़ियों के बीच अच्छा तालमेल दिखा. टीम ने इस क्वार्टर में जर्मनी को गोल करने के मौके से दूर रखा. वैष्णवी ने 29 वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला जिससे भारतीय टीम ने दबाव कम किया.

मध्यांतर के समय भारतीय टीम 1-2 से पिछड़ रही थी. जर्मनी ने एक बार फिर से भारतीय रक्षापंक्ति को चुनौती देना शुरू किया. टीम को इसका फायदा भी हुआ और मैच के 43वें मिनट में उसने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया. जेटे ने इस गोल में बदल कर जर्मनी की बढ़त को 3-1 कर दी. भारतीय टीम ने चौथे क्वार्टर में कुछ मौके बनाये लेकिन खिलाड़ी जर्मनी की रक्षापंक्ति से पार नहीं पा सके. मैच खत्म होने से कुछ समय पहले नाइक के गोल से जर्मनी ने 4-1 की जीत सुनिश्चित की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu