सनी देओल ने अपने बंगले से संबंधित बकाया राशि चुकाने की पेशकश की : बीओबी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 21 Aug 2023 08:46 PM
सनी देओल ने अपने बंगले से संबंधित बकाया राशि चुकाने की पेशकश की : बीओबी
ऑडियो सुनें

मुंबई. बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने सोमवार को कहा कि अभिनेता सनी देओल ने मुंबई में अपने बंगले से संबंधित बकाया राशि का निपटान करने की पेशकश की है. बीओबी का यह बयान 56 करोड़ रुपये की वसूली के लिए अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सनी देओल की संपत्ति की नीलामी के लिए जारी नोटिस वापस लेने के कुछ घंटों बाद आया है.

बैंक ने कहा, ”कर्ज लेने वाले (सनी देओल) ने 20 अगस्त को जारी नीलामी नोटिस के अनुसार बकाया राशि का निपटान करने के लिए बैंक से संपर्क किया. उधारकर्ता/गारंटर को सूचित किया गया था कि वह नीलामी से पहले कभी भी बकाया राशि/लागत/शुल्क और व्यय का भुगतान करने के हकदार हैं. ” बैंक की ओर से रविवार को जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा गया कि बैंक मुंबई के टोनी जुहू इलाके में गांधीग्राम रोड पर स्थित सनी विला की संपत्ति कुर्क की है. नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 51.43 करोड़ रुपये और 5.14 करोड़ रुपये की बयाना राशि तय की गई है. ऑनलाइन माध्यम से 25 अगस्त को यह नीलामी की जाएगी.

नोटिस में कहा गया था कि अभिनेता के पास 2002 के सरफेसी अधिनियम के प्रावधानों के तहत होने वाली नीलामी को रोकने के लिए बैंक को बकाया चुकाने का विकल्प मौजूद है. बीओबी ने सोमवार सुबह जारी ऐसे ही एक नोटिस में कहा कि 20 अगस्त को जारी नोटिस को ”तकनीकी कारणों से वापस लिया जाता है.” गुरदासपुर से सांसद बैंक से 55.99 करोड़ रुपये के ऋण व ब्याज और जुर्माने पर चूक का सामना कर रहे हैं. उन पर यह मामला दिसंबर 2022 से जारी है.

नीलामी के लिए रविवार को जारी नोटिस के अनुसार, सनी विला के अलावा 599.44 वर्ग मीटर की संपत्ति में सनी साउंड्स भी शामिल है जो कि देओल परिवार के स्वामित्व में है. सनी साउंड्स कर्ज का कॉर्पोरेट गारंटर है. सनी के पिता एवं अभिनेता धर्मेंद्र ऋण के व्यक्तिगत गारंटर हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav