उपचुनावों में ‘इंडिया’ की जीत हुई, नतीजे विपक्षी गठबंधन के लिए शुभ संकेत: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 09:32 PM
उपचुनावों में ‘इंडिया’ की जीत हुई, नतीजे विपक्षी गठबंधन के लिए शुभ संकेत: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के घोसी समेत विभिन्न राज्यों के सात विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के नतीजे विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ के लिए शुभ संकेत हैं तथा यह साबित हो गया है कि जनता ने इस गठबंधन को स्वीकार किया है.

उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के शुक्रवार को आए नतीजे के मुताबिक, समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को 42,759 मतों के अंतर से पराजित कर दिया है.

इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस, केरल के पुतुप्पली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और झारखंड के डुमरी विधानसभा क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जीत हासिल की है. भाजपा ने त्रिपुरा की दो और उत्तराखंड की एक विधानसभा सीट के उपचुनावों में जीत हासिल की है.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”आज की खबर जी20 नेताओं का आगमन नहीं है. सबसे बड़ी खबर आज घोषित सात विधानसभा सीट के उपचुनावों के परिणाम हैं. स्पष्ट रूप से विजेता ‘इंडिया’ है. ‘इंडिया’ ने भाजपा को 4:3 से हराया. भाजपा ने त्रिपुरा में दो और उत्तराखंड में एकमात्र सीट पर जीत हासिल की. केरल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भाजपा हार गई. इनमें से उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्तारूढ़ पार्टी है.”

उनका कहना है, ”भाजपा और उसका धनबल अपराजेय नहीं है. ‘इंडिया’ गठबंधन ने दिखा दिया है कि भाजपा को उसके गढ़ में भी हराया जा सकता है. आज के नतीजे ‘इंडिया’ गठबंधन की सफलता का शुभ संकेत हैं.” राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता प्रमोद तिवारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”घोसी में सपा प्रत्याशी को मिली भारी जीत केवल सपा की जीत नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत है.” उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत ने सिद्ध कर दिया कि केवल गठबंधन पार्टियों और उनके नेताओं ने ही नहीं, बल्कि जनता ने भी ‘इंडिया’ को स्वीकार कर लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu