पंजाब के वांछित अपराधी सुखदुल सिंह की कनाडा के विनिपेग शहर में हत्या

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 21 Sep 2023 07:23 PM
पंजाब के वांछित अपराधी सुखदुल सिंह की कनाडा के विनिपेग शहर में हत्या
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़/नयी दिल्ली. पंजाब के सर्वाधिक वांछित अपराधियों में से एक गैंगस्टर सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके की अज्ञात लोगों ने कनाडा के विनिपेग शहर में हत्या कर दी. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, ” इसे कुछ गैंग के बीच आपसी दुश्मनी का परिणाम माना जा रहा है.” सूत्रों ने बताया कि गैंगस्टर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती सहित कम से कम 18 मामले थे. उसकी हत्या कनाडा के समयानुसार बुधवार रात को हुई.

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब जून में ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा में राजनयिक विवाद खड़ा हो गया है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की “संभावित” संलिप्तता का आरोप लगाया है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दुनेके पंजाब के मोगा जिले के दुनेके कलां गांव से था और वह दिसंबर 2017 में कनाडा भाग गया था.
दुनेके दविंदर बंबीहा गिरोह का सक्रिय सदस्य था और कनाडा में गैंगस्टर से आतंकवादी बने अर्श दल्ला, गैंगस्टर लकी पटिआल, मलेशिया के गैंगस्टर जकपाल सिंह उर्फ लाली तथा अन्य अपराधियों का करीबी था.

सूत्रों ने बताया कि खुंखार गैंगस्टर दुनेके विदेशी धरती से अपना गिरोह चला रहा था. साथ ही वह उगाही का रैकेट चलाने, स्थानीय सहयोगियों की मदद से पंजाब और आस-पास के इलाकों में विरोधी गिरोह के सदस्यों की हत्या कराने तथा विदेशों में बसे सहयोगियों के नेटवर्क के प्रबंधन में भी शामिल था.

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में पंजाब और आसपास के इलाकों में दुनेके की ओर से वसूली के लिए फोन करने की घटनाएं बढ़ी थीं. जनवरी में दुनेके के दो सहयोगियों- कुलविंदर सिंह उर्फ किंडा और परमजीत सिंह पम्मा को काउंटर-इंटेलिजेंस विंग (बठिंडा) ने गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से तीन पिस्तौल और कारतूस जब्त किए गए थे. ये दोनों लोग दुनेके के उगाही गिरोह का हिस्सा थे.

सूत्रों ने बताया कि दुनेके के पिता की 1990 में मौत हो गई थी और उसे अनुकंपा के आधार पर मोगा के उपायुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी मिल गई थी. उन्होंने बताया कि दुनेके ने आठ वर्ष तक नौकरी की थी और इस दौरान वह नशे का आदी हो गया था. उसके खिलाफ 2022 में लुकआउट नोटिस जारी किया गया था.

पिछले साल मार्च में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबियां की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. उस पर हत्या के लिए शूटर का इंतजाम करने का आरोप था. जनवरी 2022 में बंबीहा गिरोह के शूटरों द्वारा प्रतिद्वंद्वी गिरोह के दो सदस्यों – मनप्रीत सिंह और विक्की सिंह – की हत्या के मामले में भी दुनेके का नाम सामने आया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav