शासन की बारीकियों को समझने के लिए अच्छे सलाहकार रखें राहुल गांधी : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 10:11 PM
शासन की बारीकियों को समझने के लिए अच्छे सलाहकार रखें राहुल गांधी : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सलाह दी कि वह शासन की बारीकियों को समझने के लिए अच्छे सलाहकारों की सेवाएं लें. ठाकुर ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ” इतने वर्षों तक राजनीति में रहने और कांग्रेस के 10 साल तक सरकार में रहने के बाद भी उन्हें अभी तक समझ नहीं आया है कि सरकार कैसे काम करती है या फैसले कैसे लेती है. ” दरअसल, गांधी ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा था कि केंद्र सरकार के 90 सचिवों में से केवल तीन सचिव ही अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हैं और बजट के केवल पांच प्रतिशत पर ही उनका नियंत्रण है.

गांधी आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ओबीसी की अनदेखी कर रही है, जिनका संख्यात्मक रूप से सबसे बड़ा जाति समूह होने के बावजूद शासन के शीर्ष क्षेत्रों में बहुत कम प्रतिनिधित्व है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनपर पलटवार करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद ने ही सरकार बनाई थी और सरकार में ओबीसी का अच्छा प्रतिनिधित्व था.

ठाकुर ने कहा, ” मुझे नहीं पता कि उन्हें (राहुल गांधी को) सलाह कौन देता है, कम से कम अच्छी सलाह लें.” केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाला केंद्रीय मंत्रिमंडल है जो सरकार बनाता है. केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के दावे की खबरों पर ठाकुर ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच मतभेद होना तय है. राहुल गांधी वायनाड से सांसद हैं.

उन्होंने कहा, ” मतभेद तो होंगे ही. हमने पहले भी कहा है, उनके पास सक्षम नेता नहीं हैं, उनकी नीतियां अलग हैं और इरादे संदिग्ध रहे हैं. ” ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी द्वारा राहुल गांधी को हैदराबाद से उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती देने पर ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता को चुनौती स्वीकार करनी चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu