पिछले नौ वर्ष में निर्णायक नीतियां, राजनीतिक स्थिरता रही, अर्थव्यवस्था को नयी दिशा मिली: अमित शाह

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 29 Sep 2023 04:08 PM
पिछले नौ वर्ष में निर्णायक नीतियां, राजनीतिक स्थिरता रही, अर्थव्यवस्था को नयी दिशा मिली: अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि पिछले नौ साल में संघीय ढांचे में निर्णायक नीतियां, राजनीतिक स्थिरता, लोकतंत्र और सामूहिक रूप से काम करने की भावना देखी गयी जिसने देश को ‘‘नीतिगत पंगुता’’ से बाहर निकाला है।

गृह मंत्री ने ‘चैम्बर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ के 118वें वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि 2004 से 2014 के कालखंड ने ‘‘देश को हिलाकर रख दिया’’ जो राजनीतिक अस्थिरता का ‘‘आखिरी कालखंड’’ भी था।
शाह ने कहा कि पिछले नौ वर्षों ने काम का नतीजा देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था को भी एक नयी दिशा मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले नौ वर्ष राजनीतिक स्थिरता और निर्णायक नीति निर्माण के रहे हैं…इस अवधि के दौरान हमारा सकल घरेलू उत्पाद 2,030 अरब डॉलर से बढक़र 3,750 अरब डॉलर हो गया है जो लगभग दोगुना है। प्रति व्यक्ति आय 2013-14 में 68,000 रुपये बढक़र 1.80 लाख रुपये पहुंच गयी है।’’ शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले नौ साल में हर क्षेत्र में भारत को बदलने का प्रयास किया और कामयाब भी रहे।

उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन करने के बाद न केवल व्यापार और उद्योग में बल्कि देश के हर क्षेत्र में एक नयी ऊर्जा का संचार हुआ है और सभी लोग एक नयी गति का अनुभव कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग देश की अर्थव्यवस्था के केंद्र में हैं जहां से उसे ऊर्जा मिलती है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘नीतियों में लाए गए बदलावों के कारण आज भारत की हर जगह चर्चा हो रही है और भारत को दुनियाभर में जीवंत देश के रूप में जाना जाता है।’’ उन्होंने कहा कि दुनिया में जब भी कोई कंपनी अपना आधार बदलना चाहती है तो भारत एक आकर्षक स्थल के रूप में उभरता है।’’

शाह ने कहा, ‘‘हमारा देश सबसे युवा है और हमारे पास सबसे बड़ी संख्या में इंजीनियर, डॉक्टर और तकनीकविद हैं। यहां लोकतंत्र है, सामूहिक रूप से काम करने की भावना है और मोदी जी के नेतृत्व में नीति निर्धारण भी स्पष्ट है। अत: अब कोई भी भारत को अमृतकाल में हर क्षेत्र में अपने आप को पहले स्थान पर स्थापित करने से नहीं रोक सकता।’’

उन्होंने कहा कि उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना ने देश के 14 क्षेत्रों में ‘मेक इन इंडिया’ का सपना साकार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सही समय है। भारत के व्यापार और उद्योग के लिए अगले 25 साल अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं। भारतीय उद्योग को अपना आकार और पैमाना दोनों बदलने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह वक्त की मांग है कि भारतीय कंपनियां बहु-राष्ट्रीय बनें। शाह ने कहा, ‘‘बड़े उद्योगों के साथ ही छोटे उद्योगों के नेटवर्क को मजबूत करना होगा और पीएचडी चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री को इसमें मार्गदर्शन तथा बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए दृढ़तापूर्वक आगे आना होगा।’’ उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लायी गयी नयी शिक्षा नीति के कारण भारत अगले 10 साल में छात्रों के लिए दुनिया का सबसे उत्कृष्ट स्थान होने वाला है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav