पुराने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए संप्रग ने गठबंधन का नाम बदलकर ‘इंडिया’ रखा: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 08 Oct 2023 10:07 PM
पुराने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए संप्रग ने गठबंधन का नाम बदलकर ‘इंडिया’ रखा: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

शिमला/हमीरपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि अपने ”भ्रष्टाचार” को छिपाने के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) ने अपना नाम बदल लिया है और उन्होंने कांग्रेस के उस दावे को भी खारिज कर दिया, जिसमें उसने कहा है कि इस साल के अंत तक पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में वह जीत दर्ज करेगी.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भी जीत के इस तरह के बड़े-बड़े दावे किये थे, लेकिन उसे करारी हार का सामना करना पड़ था. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने हमीरपुर में कहा कि अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए संप्रग ने गठबंधन का नाम बदलकर ‘इंडिया’ रख दिया है और हार का साया मंडराने के कारण वह घबराया हुआ है.

ठाकुर ने आरोप लगाया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य को बर्बाद कर दिया है और प्रदेश में प्रतिदिन दुष्कर्म के 17 मामले दर्ज किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि लेकिन सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस पर मौन हैं. अनुराग ठाकुर केंद्रीय खेल मंत्री भी हैं. उन्होंने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 107 पदक जीतने और पदक सूची में पहली बार 100 का आंकड़ा पार करने के लिए भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी. ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल को बढ़ावा देने के लिए कई इंडोर स्टेडियम, एथलेटिक ट्रैक्स और एक हॉकी टर्फ मंजूर किया है. उन्होंने कहा कि जलक्रीडा को बढ़ावा देने के लिए बिलासपुर में एक केंद्र स्थापित किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu