राजस्थान विधानसभा चुनाव की तारीख में निर्वाचन आयोग ने किया बदलाव, अब 25 नवंबर को होगा मतदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Oct 2023 09:12 PM
राजस्थान विधानसभा चुनाव की तारीख में निर्वाचन आयोग ने किया बदलाव, अब 25 नवंबर को होगा मतदान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने 23 नवंबर को “बड़े पैमाने पर” शादियों और सामाजिक कार्यक्रमों के मद्देनजर राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख को बुधवार को बदल दिया. राज्य में अब 25 नवंबर को मतदान होगा. आयोग ने एक बयान में कहा कि मतदान की तारीख 23 नवंबर में बदलाव के लिए विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों ने आग्रह किया था.

इसमें कहा गया कि 23 नवंबर को बड़े पैमाने पर शादी/सामाजिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए मतदान की तारीख में बदलाव का निर्णय लिया गया है, क्योंकि उस दिन मतदान होने से बड़ी संख्या लोगों को असुविधा हो सकती है और साजो-सामान को लाने-ले जाने में दिक्कत हो सकती है तथा मतदान के दौरान मतदाताओं की भागीदारी भी कम रह सकती है.

दरअसल, 23 नवंबर को देवउठनी एकादशी है. इसे एक शुभ दिन माना जाता है और उस दिन राज्य में 50 हजार से ज्यादा शादियां हो सकती हैं. देवउठनी एकादशी से शादियों का मुहुर्त शुरू हो जाता है. आयोग ने बयान में कहा कि उसने इन कारकों और प्रस्तुतियों पर विचार करते हुए, मतदान की तारीख 23 नवंबर 2023 (बृहस्पतिवार) से बदलकर 25 नवंबर 2023 (शनिवार) करने का निर्णय लिया है.

मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन दिसंबर को ही होगी और उसी दिन चार अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए भी मतगणना होगी. मतदान से संबंधित अन्य तिथियां जैसे अधिसूचना जारी करना और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि अपरिर्वितत रहेंगी. साल 2018 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में मतदान 74.71 प्रतिशत था.

आयोग ने सोमवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के लिए विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की थी. इस बीच, मिजोरम में कुछ राजनीतिक दलों ने आयोग से आग्रह किया कि वह मतगणना की तारीख तीन दिसंबर को बदल दे, क्योंकि तीन दिसंबर को रविवार है और उस दिन ईसाई-बहुल राज्य में लोग गिरजाघरों में प्रार्थना करने जाते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu