महादेव सट्टेबाजी ऐप घोटाले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला तेज किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Nov 2023 09:54 PM
महादेव सट्टेबाजी ऐप घोटाले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला तेज किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महादेव सट्टेबाजी ऐप से जुड़े कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस पर रविवार को हमला तेज कर दिया और इसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मामले में पैसों के लेन-देन में उनकी कथित भूमिका स्पष्ट करने को कहा.

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि मामले में सामने आ रहे “तथ्यों” से संकेत मिलता है कि “भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के नये तरीके ईजाद करने” में कांग्रेस का कोई मुकाबला नहीं है.

त्रिवेदी ने कहा, “चाहे भ्रष्टाचार के नये-नये तरीके ईजाद करना हो, या इसके नये मानक स्थापित करना हो, कांग्रेस पार्टी आज इस बात का जीता-जागता सबूत है कि कोई उसकी बराबरी नहीं कर सकता. उसने अब अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है.” मीडिया में आई खबरों का हवाला देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि दुबई में मौजूद एक व्यक्ति ने दावा किया है कि वह सट्टेबाजी ऐप का मालिक है और उसने स्पष्ट रूप से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल और उनके सहयोगियों को पैसे देने की बात भी कही है.

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, “आए दिन हो रहे नये खुलासों को देखते हुए यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि जिस तरह से कांग्रेस भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के नये-नये तरीके ईजाद कर रही है, छत्तीसगढ़ सरकार ने उसमें शायद एक नया आयाम जोड़ दिया है. शायद वह नटवरलाल और चार्ल्स शोभराज जैसे कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ठगों को भी पीछे छोड़ रही है.”

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को दावा किया था कि फॉरेंसिक विश्लेषण और एक ‘कैश कूरियर’ (नकदी पहुंचाने वाले व्यक्ति) द्वारा दिए गए बयान से ये “चौंकाने वाले आरोप” सामने आए हैं कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तकों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और ”यह जांच का विषय है.” कथित एजेंट, 38 वर्षीय असीम दास के पास से 5.39 करोड़ रुपये नकद बरामद करने के बाद उसे एजेंसी ने रायपुर में गिरफ्तार कर लिया. उसे कथित तौर पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से ऐप के प्रवर्तकों द्वारा “विशेष रूप से, (छत्तीसगढ़ में) सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार खर्चों के लिए बड़ी मात्रा में नकदी पहुंचाने के वास्ते” भेजा गया था.

त्रिवेदी ने आरोप लगाया, “छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के जो नये-नये रूप सामने आ रहे हैं, उसे देखते हुए ऐसा लगता है कि भ्रष्टाचार के पिता तो कई होते हैं, लेकिन पैसा अनाथ होता है.” उन्होंने कहा, “भूपेश बघेल और राहुल गांधी दोनों के पास यह स्पष्ट करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है कि यह पैसा कहां से आया… कांग्रेस को इस सवाल का स्पष्ट जवाब देना चाहिए कि इस भ्रष्टाचार और खाड़ी देशों के बीच क्या संबंध है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu