आतंकवाद के प्रति कांग्रेस ने हमेशा नरम रूख अपनाया : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 Nov 2023 06:47 PM
आतंकवाद के प्रति कांग्रेस ने हमेशा नरम रूख अपनाया : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

रायपुर. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद से निपटने में हमेशा नरम रुख अपनाया है तथा उसकी गलत नीतियों के कारण देश में आतंकवादी घटनाओं में हजारों लोग मारे गए. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा कार्यालय ‘एकात्म परिसर’ में एक संवाददाता सम्मेलन में ठाकुर ने राज्य में हुए कथित घोटालों को लेकर भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उनका जेल जाना तय है.

गाजा पट्टी पर बमबारी में बच्चों की मौत पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बयान के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, ”मुझे लगता है कि कुछ लोग आतंकवाद का समर्थन करते हैं. कांग्रेस को सत्ता में बने रहने की लालच है. उनकी गलत नीतियों के कारण देश में और कई राज्यों में (आतंकवादी घटनाओं में) हजारों लोगों की मौत हुई है. आतंकवाद के प्रति कांग्रेस ने हमेशा नरम रुख अपनाया है. जब देश के विभिन्न हिस्सों में विस्फोट होते थे, तो मौनी बाबा (पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र) मौन धारण करके रहते थे, क्योंकि ‘रिमोट कंट्रोल’ किसी और के हाथ में था.” प्रियंका गांधी ने गाजा में इजराइली बमबारी में बड़ी संख्या में बच्चों के मारे जाने की निंदा करते हुए सोमवार को कहा था कि इस तबाही का समर्थन करने वाली सरकारों को शर्म करनी चाहिए.

ठाकुर ने कहा, ”जब (मुंबई में) 26/11 का हमला हुआ कांग्रेस के मुख्यमंत्री किसके इशारे पर एक फिल्म डायरेक्टर को सीन पर लेकर चले गए थे. कांग्रेस ने कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की. वे दुनिया के सामने हाथ फैलाकर मांगते थे कि आतंकवादियों से बचा लो. घुसपैठ से बचाओ.” उन्होंने कहा, ”आज नरेन्द्र मोदी की सरकार है, वह र्सिजकल स्ट्राइक करती है, ऐसे में आतंकवाद फैलाने वाला तथा घुसपैठ करवाने वाला आज दुनिया में गुहार लगाता है कि हमें बचा लो. यह अंतर आया है.”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ” जब इजराइल में आतंकवादी हमला हुआ तब हमने उसकी घोर निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात भी की. हम चाहते हैं कि दुनिया भर में शांति हो. चाहे रूस-यूक्रेन की बात हो, भारत सदा शांति चाहता है लेकिन वह आतंकवाद को जड़ से मिटाना भी चाहता है.” ठाकुर ने 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा किए गए विभिन्न वादों को पूरा नहीं करने के लिए भूपेश बघेल सरकार की आलोचना की.

उन्होंने कहा, ”मैं यहां कांग्रेस के ‘झूठे’ और ‘अधूरे’ वादे के बारे में बताने आया हूं जो उसने 2018 में किया था. हर सरकार को पांच साल बाद अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना होता है लेकिन भूपेश भागने की कोशिश कर रहे हैं. वह अपना रिपोर्ट कार्ड रखने से लेकर कथित घोटाले की जांच तक भाग रहे हैं. भागिए भूपेश भागिए, कितना दौड़ेंगे?” ठाकुर ने कहा, ”बहुत हुआ सत्ता का खेल, बाय बाय भूपेश बघेल.” उन्होंने कहा, ”महादेव सट्टेबाजी घोटाले के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मुंह छिपाकर घूम रहे हैं.. पांच साल से ‘भू-पे’ चल रहा था इसलिए मुख्यमंत्री कार्यालय ‘सट्टेबाजी’ को संरक्षण दे रहा था. 508 करोड़ रुपये का भूप-पे किया गया. अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि कांग्रेस की सरकार नहीं रहेगी.”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”जिस तरह से दिल्ली के उप मुख्यमंत्री, सांसद और स्वास्थ्य मंत्री घोटाले में जेल में हैं, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी, उन लोगों के लिए (जेल जाने की) गारंटी निश्चित है जिन्होंने कई घोटाले किए हैं और अब अपना चेहरा छिपा रहे हैं.” छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीट में से 20 पर सात नवंबर को मतदान हुआ था. शेष 70 सीट पर 17 नवंबर को मतदान होगा. बुधवार को दूसरे चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu