कपिल देव को जानबूझकर विश्व कप फाइनल में आमंत्रित नहीं किया गया : संजय राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 10:02 PM
कपिल देव को जानबूझकर विश्व कप फाइनल में आमंत्रित नहीं किया गया : संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिव सेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सोमवार को आरोप लगाया कि महान क्रिकेटर कपिल देव को अहमदाबाद में विश्व कप क्रिकेट फाइनल मैच के लिए जानबूझकर आमंत्रित नहीं किया गया था ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वह सुर्खियों में नहीं आएं, जिसमें कुछ नेताओं ने भाग लिया था.

राउत ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता को भुनाते हुए राजनीतिक लाभ लेने की योजना बनाई थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकी क्योंकि भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच हार गया.

राउत ने एक सवाल के जवाब में कहा, “कपिल देव उस क्रिकेट टीम के कप्तान थे जिसने भारत के लिए पहली बार विश्व कप जीता था. उन्होंने हमें विश्वास दिया कि हम बड़े टूर्नामेंट जीत सकते हैं. अगर कपिल देव को आमंत्रित किया गया होता, तो उससे नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में कुछ अन्य राजनीतिक नेताओं की उपस्थिति को ग्रहण लग जाता.” राउत ने कहा कि अतीत में, महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों के फाइनल मैच दिल्ली या मुंबई में आयोजित होते थे.

उन्होंने कहा, ”लेकिन क्रिकेट की दुनिया में घुसपैठ करने वाले एक राज्य की लॉबी ने सबसे पहले स्टेडियम का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल से बदलकर नरेन्द्र मोदी स्टेडियम कर दिया. अगर भारत फाइनल मैच जीतता तो भाजपा ने इसका फायदा उठाने की योजना बनाई थी.” कपिल ने ‘एबीपी न्यूज’ से कहा था, ”मुझे वहां आमंत्रित ही नहीं किया गया. उन्होंने मुझे बुलाया नहीं इसलिये मैं नहीं गया. मैं चाहता था कि 1983 की पूरी टीम वहां मेरे साथ हो लेकिन मुझे लगता है कि यह इतना बड़ा टूर्नामेंट है और लोग जिम्मेदारियां संभालने में इतने व्यस्त हैं कि कभी-कभार वे भूल जाते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu