दिल्ली: प्रदूषण से राहत नहीं, एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंचा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 22 Nov 2023 12:58 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: शहर भर में बुधवार को सुबह वायु गुणवत्ता की स्थिति खराब रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। शहर का एक्यूआई बुधवार को सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर 394 रहा, जबकि एक दिन पहले मंगलवार को यह 365 था।

न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री कम है, जबकि सापेक्ष आर्द्रता सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर 76 प्रतिशत दर्ज की गई। रविवार को मामूली सुधार के बाद दिल्ली में एक्यूआई में भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है। शहर का एक्यूआई सोमवार शाम पांच बजे 348 था, जबकि रविवार को यह 301 से कम दर्ज किया गया था।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के अीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’, 401 और 450 के बीच ‘गंभीर’ एवं 450 के ऊपर ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

हवा की अनुकूल स्थिति के कारण प्रदूषण के स्तर में सुधार के मद्देनजर केंद्र ने शनिवार को सार्वजनिक निर्माण से संबंधित एवं निर्माण कार्य पर प्रतिबंध तथा दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर रोक सहित कड़े प्रतिबंध हटा लिए थे, जिसके बाद से एक्यूआई के स्तर में वृद्धि हुई है।

ये उपाय केंद्र की वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना के अंतिम चरण – चरण चार के अंतर्गत आते हैं, जिसे ‘ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान’ यानी क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) कहा जाता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav