कबाड़ व्यापारी के घर के बाहर गोलीबारी के आरोप में नाबालिग समेत दो गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sun, 03 Dec 2023 01:05 PM
कबाड़ व्यापारी के घर के बाहर गोलीबारी के आरोप में नाबालिग समेत दो गिरफ्तार…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: उत्तर पूर्व दिल्ली के वेलकम इलाके में जबरन वसूली की कोशिश के तहत एक कबाड़ व्यापारी के घर के बाहर गोली चलाने के मामले में रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को मेट्रो यार्ड के पास यमुना खादर से पकड़ा गया। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (उत्तर पूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि 28 नवंबर को शिकायत मिली कि स्कूटर सवार दो हमलावरों ने अबरार अहमद (45) के घर के बाहर गोलीबारी की। घटना में कोई घायल नहीं हुआ और घटनास्थल से तीन गोलियां बरामद हुईं।

डीसीपी ने कहा कि बाद में अहमद ने पुलिस को बताया कि उसे एक फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को हाशिम बाबा गिरोह से जुड़ा होने का दावा करते हुए 50 लाख रुपये की मांग की। टिर्की ने कहा कि रविवार तड़के करीब तीन बजकर 20 मिनट पर पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया, ‘‘जब दोनों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने अपना स्कूटर छोड़कर अंधेरे में भागने की कोशिश की। उनमें से एक ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। गोली चलाने वाले की पहचान बाद में अक्की के रूप में हुई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें गोली लगने से अक्की घायल हो गया।’’

डीसीपी ने कहा, ‘‘पुलिस टीम ने कुछ देर पीछा करने के बाद अक्की को गिरफ्तार कर लिया और एक नाबालिग को पकड़ लिया। हमने उनके पास से दो पिस्तौल भी बरामद की हैं।’’ उन्होंने बताया कि अक्की को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

टिर्की ने कहा कि पूछताछ में अक्की ने पुलिस को बताया कि वह हाशिम बाबा गिरोह का करीबी सहयोगी है। उन्होंने बताया कि अक्की हत्या और जबरन वसूली सहित कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav