पुतिन ने की राष्ट्रपति पद का अगला चुनाव लड़ने की घोषणा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Dec 2023 09:36 PM
पुतिन ने की राष्ट्रपति पद का अगला चुनाव लड़ने की घोषणा
ऑडियो सुनें

मॉस्को. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने घोषणा की है कि वह देश के शीर्ष पद के लिए 2024 में होने वाला अगला चुनाव भी लड़ेंगे. रूस की सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी. पुतिन ने इस घोषणा से छह साल के एक और कार्यकाल के लिए अपनी इच्छा जाहिर कर दी है, जिसमें उनका जीतना तय माना जा रहा है.

उन्होंने क्रेमलिन पुरस्कार समारोह के बाद 17 मार्च के राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने के अपने फैसले की घोषणा की. समारोह में युद्ध में भाग ले चुके पूर्व सैनिकों और अन्य लोगों ने पुतिन से फिर से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया, जिसे क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने “सहज” टिप्पणी के रूप में र्विणत किया.

कार्यक्रम के बाद क्रेमलिन द्वारा जारी एक वीडियो में पुतिन ने कहा, “मैं इसे आपसे नहीं छिपाऊंगा – समय के साथ मेरे पास इसके बारे में विभिन्न विचार थे, लेकिन अब, आप सही हैं, निर्णय लेना आवश्यक है. मैं रूसी संघ के राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ूंगा.” लगभग एक चौथाई सदी तक सत्ता में रहने के बाद और यूक्रेन युद्ध के काफी महंगा साबित होने के बावजूद पुतिन को अभी भी व्यापक समर्थन प्राप्त है.

यूक्रेन युद्ध में रूस के भी हजारों लोग मारे गए हैं और इसकी वजह से रूस के भीतर बार-बार हमले हुए हैं तथा एक हमला क्रेमलिन पर भी हुआ. जून में येवगेनी प्रिगोझिन द्वारा किए गए अल्पकालिक विद्रोह से व्यापक अटकलें लगने लगी थीं कि पुतिन अपनी पकड़ खो सकते हैं, लेकिन वह स्थिति पर नियंत्रण पाने में सफल रहे.

विद्रोह के दो महीने बाद एक रहस्यमय विमान दुर्घटना में प्रिगोझिन की मौत ने इस विचार को मजबूत किया कि चीजों पर पुतिन का पूर्ण नियंत्रण है. स्वतंत्र सर्वेक्षणकर्ता लेवाडा सेंटर के अनुसार, लगभग 80 प्रतिशत आबादी पुतिन के प्रदर्शन से संतुष्ट है. वास्तविक या जबरन समर्थन के कारण, 71 वर्षीय पुतिन का 17 मार्च, 2024 के चुनाव के लिए मतपत्र पर केवल सांकेतिक विरोध होने की उम्मीद है.

वह जोसेफ स्टालिन के बाद राष्ट्रपति पद पर सर्वाधिक समय तक रहने वाले नेता पहले ही बन चुके हैं. उन्हें जब कार्यकाल की सीमा के कारण 2008 में राष्ट्रपति पद छोड़ने के लिए विवश होना पड़ा, तो वह प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए, जबकि उनके करीबी सहयोगी दमित्री मेदवेदेव ने उनकी जगह राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu