छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा में प्रेशर बम की चपेट में आने से दो जवान घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 11 Dec 2023 01:11 PM
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा में प्रेशर बम की चपेट में आने से दो जवान घायल
ऑडियो सुनें

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम (आईईडी) की चपेट में आने से सोमवार को सुरक्षाबल के दो जवान घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना किस्टाराम पुलिस थाना क्षेत्र में सुबह करीब सवा 10 बजे हुई, जब सुरक्षाबल का एक संयुक्त दल सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्त पर निकला था।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 217वीं बटालियन, कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन (कोबरा) की 208वीं बटालियन और जिला बल के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था।
सालटोंग गांव में सड़क निर्माण कार्य को सुरक्षा प्रदान करने के लिए डब्बामरका पुलिस शिविर से गश्ती शुरू की गई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब गश्ती दल सालटोंग गांव के पास इलाके की घेराबंदी कर रहा था, तब दो जवान प्रेशर बम के संपर्क में आ गए, जिससे बम में विस्फोट हो गया और वे घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों को प्रारंभिक उपचार प्रदान किया गया तथा अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि इलाके में खोज अभियान जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav