रोहित की जगह हार्दिक मुंबई इंडियन्स के कप्तान बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 15 Dec 2023 07:39 PM
रोहित की जगह हार्दिक मुंबई इंडियन्स के कप्तान बने
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मुंबई इंडियन्स ने बेहद सफल रोहित शर्मा की जगह शुक्रवार को हरफनमौला हार्दिक पंड्या को इस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया. रोहित की अगुवाई में मुंबई की टीम पांच बार चैम्पियन बनी है. वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ इस लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइजी टीम है.

मुंबई इंडियन्स ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से करार कर पिछले महीने अपनी टीम में शामिल किया. हार्दिक की अगुवाई में गुजरात की टीम अपने शुरुआती सत्र में खिताब जीतने में सफल रही जबकि पिछले सत्र के फाइनल में उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा. मुंबई इंडियन्स से जारी बयान के मुताबिक नेतृत्व में बदलाव उनकी भविष्य की योजना का हिस्सा है . फ्रेंचाइजी ने रोहित को उनकी शानदार योगदान के लिए धन्यवाद दिया.

हार्दिक की नियुक्ति पर मुंबई इंडियन्स के वैश्विक प्रदर्शन प्रमुख महेला जयवर्धने ने कहा,”यह विरासत निर्माण और भविष्य के लिए तैयार रहने के मुबई इंडियन्स की सोच का हिस्सा है.” उन्होंने कहा, ” मुंबई को सचिन (तेंदुलकर) से लेकर हरभजन (सिंह) और रिकी (पोंटिंग) से लेकर रोहित तक हमेशा असाधारण नेतृत्व का साथ मिला है. इन सब ने तत्काल सफलता में योगदान देने के साथ-साथ भविष्य के लिए टीम को मजबूत करने पर भी हमेशा ध्यान दिया.” जयवर्धने ने कहा, ”यह टीम की इस सोच को आगे बढ.ती है. हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 सत्र के लिए मुंबई इंडियन्स की बागडोर संभालेंगे.” रोहित 2013 में मुंबई इंडियन्स के कप्तान बने थे. उनकी अगुवाई में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता.

श्रीलंका के इस पूर्व कप्तान ने कहा, ”हम रोहित शर्मा के असाधारण नेतृत्व के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं;. 2013 से मुंबई इंडियन्स के कप्तान के रूप में उनका कार्यकाल बेहद सफल रहा है. ” उन्होंने कहा, ”उनके नेतृत्व ने न केवल टीम को अद्वितीय सफलता दिलाई है, बल्कि उन्होंने खुद को आईपीएल के इतिहास में सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक के रूप में खुद को साबित किया. उनके मार्गदर्शन में मुंबई अब तक की सबसे सफल और पसंदीदा टीमों में से एक बन गई है.”

उन्होंने कहा, ” हम मुंबई इंडियनस को मैदान के अंदर और बाहर और मजबूत करने के लिए उनके मार्गदर्शन और अनुभव का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. जयवर्धने ने कहा, ”हम टीम के नए कप्तान के रूप में हार्दिक पंड्या का स्वागत करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.” हार्दिक ने आईपीएल में मुंबई के शानदार प्रदर्शन में लंबे समय तक अपना योगदान दिया है. टाइटन्स की कप्तानी संभालने से पहने वह 2015 और 2021 तक टीम के सबसे अहम सदस्य में से एक थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu