मुंबई में अभिनेता आयुष शर्मा की कार दुर्घटना का शिकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Dec 2023 08:18 PM
मुंबई में अभिनेता आयुष शर्मा की कार दुर्घटना का शिकार
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म स्टार सलमान खान के जीजा और बॉलीवुड अभिनेता आयुष शर्मा की कार मुंबई के खार इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
पुलिस ने सोमवार को बताया कि नशे की हालत में कार चला रहे एक व्यक्ति ने शर्मा की कार में टक्कर मारी. शनिवार को हुई इस दुर्घटना के वक्त शर्मा कार में नहीं थे. उस वक्त केवल उनका 31 वर्षीय चालक कार में सवार था और वह हादसे में घायल हो गया है तथा कार क्षतिग्रस्त हो गयी है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शर्मा का कार चालक खार जिमखाना के समीप रोड नंबर 16 से बांद्रा की ओर जा रहा था तभी ‘प्रवेश निषिद्ध’ क्षेत्र से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य कार ने अभिनेता की कार को सामने से टक्कर मारी. उन्होंने बताया कि आरोपी कार चालक परविंदरजीत सिंह (35) कथित तौर पर नशे की हालत में था और उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया. उन्होंने बताया कि शर्मा के चालक अरमान मेहंदी हसन खान को सिर और दाएं पैर में चोटें आयी हैं.

पुलिस ने बताया कि हसन खान की शिकायत पर सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और धारा 337 (दूसरे लोगों की निजी सुरक्षा या जान खतरे में डालना) तथा मोटर वाहन कानून के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आयुष शर्मा को 2018 में आयी फिल्म ‘लवयात्री’ के लिए पहचाना जाता है. उन्हें आखिरी बार 2021 में आयी फिल्म ”अंतिम” में सलमान खान के साथ देखा गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu