विहिप ने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए आडवाणी, जोशी को किया आमंत्रित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Dec 2023 10:49 PM
विहिप ने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए आडवाणी, जोशी को किया आमंत्रित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को अगले महीने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. कुमार ने एक बयान में कहा कि आडवाणी और जोशी दोनों ने कहा है कि वे 22 जनवरी को होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए ”हर संभव प्रयास” करेंगे.

इससे एक दिन पहले, राम मंदिर ट्रस्ट ने सोमवार को कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के अगुवा रहे आडवाणी और जोशी के अपने स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों के चलते अगले महीने होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है.
अयोध्या में संवाददाता सम्मेलन के दौरान आमंत्रित लोगों की विस्तृत सूची पेश करते हुए, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा था कि आडवाणी और जोशी के स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों से प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है.

विहिप के कार्याध्यक्ष कुमार ने एक बयान में कहा, ”राम मंदिर आंदोलन के अगुवा रहे लालकृष्ण आडवाणी जी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी जी को अयोध्या में 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है.” कुमार ने कहा, ”दोनों वरिष्ठों ने कहा कि वे कार्यक्रम में शामिल होने के लिये हरसंभव प्रयास करेंगे.” आडवाणी 96 साल के हैं, जबकि जोशी अगले महीने 90 साल के हो जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu