पाकिस्तान के खिलाफ नजरें आखिरी टेस्ट खेल रहे डेविड वॉर्नर पर…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 02 Jan 2024 03:56 PM
पाकिस्तान के खिलाफ नजरें आखिरी टेस्ट खेल रहे डेविड वॉर्नर पर…
ऑडियो सुनें

सिडनी: आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले तीसरे टेस्ट में सभी की नजरें डेविड वॉर्नर पर टिकी होंगी जो अपने कैरियर का आखिरी टेस्ट खेलने जा रहे हैं। आस्ट्रेलिया पर्थ और मेलबर्न टेस्ट के साथ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला पहले ही जीत चुका है। पाकिस्तान ने आखिरी बार आस्ट्रेलिया को किसी टेस्ट में 1985 में एससीजी पर ही हराया था।

वॉर्नर ने नववर्ष पर प्रेस कांफ्रेंस में वनडे क्रिकेट से भी संन्यास लेने का ऐलान किया था। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह 2025 आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में वापसी कर सकते हैं। वह जून में होने वाले टी20 विश्व कप तक टी20 क्रिकेट खेलते रहेंगे।

37 वर्ष के वॉर्नर ने कहा ,‘‘ मैं वनडे क्रिकेट को अलविदा कहने के फैसले से संतुष्ट हूं। भारत में खिताब जीतना खास था।’’ आस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने कहा है कि मेलबर्न में 79 रन से जीतने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं होगा।

पाकिस्तान ने तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और सलामी बल्लेबाज इमामुल हक को तीसरे टेस्ट से बाहर करने का फैसला किया है। स्पिनर अबरार अहमद दाहिने पैर में चोट के कारण बाहर हैं। कप्तान शान मसूद ने पहले कहा था कि पाकिस्तान दो स्पिनरों को उतार सकता है।

उन्होंने कहा ,‘‘ सिडनी में पिच टर्न ले सकती है। हम ऐसे में अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ संयोजन लेकर उतरना चाहेंगे । हमने आस्ट्रेलिया दौरे के लिये अबरार को रखा था। उसका रिहैबिलिटेशन ठीक चल रहा है लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि वह शत प्रतिशत फिट है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav