अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: आयोवा कॉकस में ट्रंप की जीत, रामास्वामी ने दावेदारी वापस ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jan 2024 08:41 PM
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: आयोवा कॉकस में ट्रंप की जीत, रामास्वामी ने दावेदारी वापस ली
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयोवा कॉकस में शानदार जीत के साथ राष्ट्रपति पद के आगामी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की अपनी दावेदारी को और पुख्ता कर दिया. दूसरी ओर, राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने के एक अन्य दावेदार भारतीय-अमेरिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी ने आयोवा कॉकस में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपनी दावेदारी वापस ले ली.

अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के लिए चुनाव पांच नवंबर को होगा जिसमें रिपब्लिकन उम्मीदवार और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार का आमना-सामना होगा. आयोवा कॉकस में फ्लोरिडा के गवर्नर आर डीसैंटिस पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल इकलौती महिला एवं संयुक्त राष्ट्र की पूर्व राजदूत निक्की हेली को पछाड़कर दूसरे स्थान पर रहे. आयोवा कॉकस के बाद अब न्यू हैम्पशायर में 23 जनवरी को रिपब्लिकन दावेदारों के बीच मुकाबला होगा.

आयोवा कॉकस में 77 वर्षीय ट्रंप को 51 प्रतिशत, डीसैंटिस को 21.2 प्रतिशत और हेली को 19.1 प्रतिशत वोट मिले. अमेरिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी को मात्र 7.7 प्रतिशत वोट मिले. ट्रंप की जीत आयोवा के रिपब्लिकन कॉकस में अब तक के सबसे बड़े अंतर से मिली जीत है.

‘सीएनएन’ के अनुसार, लगभग 94 प्रतिशत परिणाम दर्ज किए जा चुके हैं और ट्रंप को इस जीत के बाद आयोवा के 40 प्रतिनिधियों में से 20 प्रतिनिधि मिलेंगे. डेसेंटिस को आठ प्रतिनिधि और हेली को सात प्रतिनिधि मिलने की संभावना है जबकि रामास्वामी को दो प्रतिनिधि मिलने का अनुमान था. तीन प्रतिनिधि किसी को आवंटित नहीं किए गए हैं. रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी चुनाव में कुल 2,429 प्रतिनिधि चुनाव प्रक्रिया में शामिल हैं. पार्टी उम्मीदवार बनने के लिए कम से कम 1,215 प्रतिनिधियों के समर्थन की आवश्यकता होती है.

ट्रंप ने जीत के बाद आयोवा में मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा, ”यह बहुत अच्छा होगा यदि हम एक साथ आ सकें और दुनिया की समस्याओं को सुलझा सकें. ऐसा जल्द ही होगा.” ट्रंप ने दावेदारी वापस ले चुके रामास्वामी के बारे में कहा, ”उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है. उन्होंने शून्य से शुरुआत की और काफी वोट हासिल किए.”

रामास्वामी ने सोमवार को घोषणा की कि वह आयोवा कॉकस में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 2024 के राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ से हट रहे हैं. बायोटेक उद्यमी रामास्वामी (38) ने इस दौड़ में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया. इससे पहले उन्होंने ट्रंप को ”21वीं सदी का सबसे अच्छा राष्ट्रपति” बताया था. आयोवा कॉकस के लिए मतदाताओं ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच मतदान किया.

ट्रंप राष्ट्रपति पद के चुनाव में लगातार तीसरी बार रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं. आयोवा कॉकस की बैठक स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू हुई. कॉकस के भागीदार अपने विचार रखने के लिए 1,500 से अधिक स्कूलों, गिरजाघरों और सामुदायिक केंद्रों में एकजुट हुए और उन्होंने गुप्त मतदान किया. हेली ने कहा कि वह राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने की एकमात्र ऐसी दावेदार हैं जो ट्रंप के अलावा मौजूदा राष्ट्रपति जो. बाइडन को टक्कर दे सकती हैं और ‘ट्रंप-बाइडन दु?स्वप्न’ को टाल सकती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu