लालू प्रसाद को सीट बंटवारे को लेकर कोई जल्दी नहीं, अयोध्या नहीं जाएंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Jan 2024 08:54 PM
लालू प्रसाद को सीट बंटवारे को लेकर कोई जल्दी नहीं, अयोध्या नहीं जाएंगे
ऑडियो सुनें

पटना/नयी दिल्ली/मुंबई. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारा जल्द करने के जनत दल-यूनाइटेड (जदयू) के आग्रह के प्रति बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने असहमति जताई. सीट बंटवारे में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि चीजें इतनी जल्दी नहीं होतीं. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू के अध्यक्ष हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनकी अयोध्या जाने की इच्छा नहीं है जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में अगले सप्ताह राम मंदिर में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह का आयोजन निर्धारित है. लालू प्रसाद ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भाजपा के तत्कालीन कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार करवाकर ‘राम रथ यात्रा’ को रास्ते में ही रोक दिया था.

पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित एक सरकारी बंगले में बीमार सत्तर वर्षीय राजद प्रमुख अपनी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ रहते हैं. इस बंगले पर पत्रकारों द्वारा ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर जद (यू) नेताओं द्वारा तेजी दिखाए जाने के सुझाव के बारे में पूछे जाने पर लालू ने कहा, ”क्या ये चीजें इतनी जल्दी हो जाती हैं? सब हो रहा है.”

22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सपरिवार जाऊंगा अयोध्या : अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि वह 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सपरिवार अयोध्या जायेंगे और वहां राममंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे. दिल्ली सरकार की तीर्थाटन योजना के तहत यहां द्वारकाधीश के लिए रवाना हो रहे वृद्धों से मिलने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में केजरीवाल ने कहा, ”मुझे एक पत्र मिला जिसमें कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से (प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए) केवल एक व्यक्ति को ही अनुमति है. उन्होंने कहा था कि एक टीम निमंत्रण देने के लिए आयेगी लेकिन कोई नहीं आया.”

उन्होंने कहा, ” मैं अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ रामलला के दर्शन के लिए जाना चाहता हूं. मेरे माता-पिता की भी रामलला के दर्शन करने की इच्छा है. 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद मैं अपनी पत्नी, बच्चों एवं माता-पिता के साथ जाऊंगा.” उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को नये राममंदिर में रामलला की प्रतिमा की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ होगी तथा इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिस्सा लेंगे.

राम मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद अयोध्या जाऊंगा: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि वह मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद भगवान राम की पूजा करने के लिए अयोध्या जाएंगे. पवार ने ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ न्यास के महासचिव चंपत राय को लिखे एक पत्र में कहा कि वह 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए मिले निमंत्रण को लेकर आभारी हैं, लेकिन वह उस दिन इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे.

उन्होंने कहा, ”मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम, आस्था और भक्ति के प्रतीक हैं. बड़ी संख्या में रामभक्त समारोह में शामिल होंगे और उनके जरिये आनंद मुझ तक भी पहुंचेगा. 22 जनवरी के बाद रामलला के दर्शन सुगम हो जाएंगे. मैं अयोध्या जाने की योजना बना रहा हूं और रामलला की पूजा भी करूंगा. उस समय तक मंदिर निर्माण भी पूरा हो जाएगा.” अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समोराह से दूर बनाने को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य घटक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशाने पर आ गये हैं. पवार का राकांपा गुट इस गठबंधन का सदस्य है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu