रामलला की प्राण प्रतिष्ठा : केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सुंदर काण्ड पाठ में हुए शामिल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 22 Jan 2024 07:28 PM
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा : केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सुंदर काण्ड पाठ में हुए शामिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा किये जाने के अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न स्थानों पर भंडारे और सुन्दर काण्ड पाठ समेत कई कार्यक्रमों में भाग लिया.

आम आदमी पार्टी (आप) अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में श्री रामलला के नवीन विग्रह की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ का उत्सव मनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में शोभायात्रा निकाल रही है और भंडारे का आयोजन कर रही है. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में आयोजित भंडारे में भाग लिया. उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ”मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के इस शुभ अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. जय सिया राम.”

अयोध्या मंदिर में सोमवार को श्री रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की गई. इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया और इसे लाखों लोगों ने अपने-अपने घरों और देशभर के मंदिरों में टेलीविजन पर देखा. दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शेख सराय में सुन्दर काण्ड के पाठ में भाग लिया. आतिशी, दिलीप पाण्डे और दुर्गेश पाठक जैसे मंत्री और पार्टी के अन्य नेता भी आज धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे.

आतिशी ने पूजा और हवन में हिस्सा लिया. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर मैंने भगवान श्री राम की पूजा की और हवन किया. श्री राम इस दुनिया के हर कण और हर किसी के मन में मौजूद हैं. यदि हम मर्यादा पुरुषोत्तम (भगवान राम) के आदर्शों को अपने व्यक्तित्व में अपना लें तो जीवन धन्य हो जाएगा. जय श्री राम.” दिल्ली सरकार की ओर से आईटीओ के प्यारे लाल भवन में आयोजित तीन दिवसीय रामलीला सोमवार शाम समाप्त हो जाएगी. प्राण-प्रतिष्ठा का उत्सव मनाने के लिए दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में शोभायात्रा से लेकर भंडारा और सुन्दर काण्ड पाठ जैसे कई कार्यक्रमों की आप की योजना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav