छत्तीसगढ़ सरकार ने 45 आईपीएस अधिकारियों का किया तबादला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Feb 2024 10:36 PM
छत्तीसगढ़ सरकार ने 45 आईपीएस अधिकारियों का किया तबादला
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सोमवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 45 अधिकारियों और राज्य पुलिस सेवा के एक अधिकारी का तबादला कर दिया. राज्य के गृह विभाग द्वारा सोमवार तड़के जारी एक आदेश के अनुसार, जिन अधिकारियों का तबादला किया गया, उनमें 25 जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल हैं.

जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है उनमें से कुछ के बारे में ऐसा कहा जाता है कि वे राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार के करीबी थे. आदेश के अनुसार, हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी अमरेश मिश्रा को रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के पद पर तैनात किया गया है. रायपुर के चंद्रखुरी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक के पद पर तैनात रतनलाल डांगी को रायपुर रेंज (केवल रायपुर जिला क्षेत्राधिकार) के आईजीपी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है.

पुलिस महानिरीक्षक (खुफिया) आनंद छाबड़ा, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव और दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है.
परिवहन आयुक्त के पद पर तैनात 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपांशु काबरा को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात किया गया है.

बिलासपुर जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को रायपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. रायपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल को बस्तर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (सीएएफ) के पद पर तैनात किया गया है. दंतेवाड़ा की 9वीं टुकड़ी के कमांडेंट के पद पर तैनात अजातशत्रु बहादुर सिंह को रायपुर के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के एसपी के पद पर तैनात किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu