केजरीवाल ‘भ्रष्टाचार के दलदल’ में फंस गए हैं : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Feb 2024 07:53 PM
केजरीवाल ‘भ्रष्टाचार के दलदल’ में फंस गए हैं : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी आज वह खुद ”भ्रष्टाचार के दलदल” में फंस गया है. ठाकुर की यह टिप्पणी दिल्ली की एक अदालत द्वारा केजरीवाल को 17 फरवरी को तलब किए जाने के बाद आई है. आबकारी नीति से जुड़े मामले में बार-बार समन जारी किए जाने के बावजूद पेश नहीं होने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शिकायत के बाद अदालत ने केजरीवाल से अपने समक्ष पेश होने को कहा है.

ठाकुर ने कहा, ”कब तक केजरीवाल भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से बचेंगे. अब समय है कि वह अदालत के समक्ष पेश हों.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल को अदालत में सच बोलना चाहिए और सुर्खियों में आने के इरादे से मीडिया में झूठे आरोप नहीं लगाने चाहिए.

ठाकुर ने कहा, ”जिन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई अब वे भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हैं. एक नहीं, बल्कि ईडी के पांच नोटिस को नजरअंदाज किया गया और अब अदालत ने उन्हें अपने समक्ष पेश होने का आदेश दिया है.” उन्होंने कहा कि केजरीवाल की झूठे आरोप लगाने और बाद में अदालत में माफी मांगने की आदत रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu