सभी देशों के लिए समान, अविभाज्य सुरक्षा संरचना कायम होनी चाहिए: पुतिन

मॉस्को. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने समानता और अविभाज्यता के सिद्धांतों पर आधारित एक नयी वैश्विक सुरक्षा संरचना कायम करने का बुधवार को आह्वान किया. सुरक्षा मुद्दों से जुड़े उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के 13वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपने वीडियो संबोधन में रूसी नेता ने कहा कि उपस्थित लोग दुनियाभर का प्रतिनिधत्व कर रहे हैं और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाओं को अधिक सक्रिय रूप से बेहतर बनाना चाहते हैं. सम्मेलन में 100 से अधिक देशों ने भाग लिया.

उन्होंने कहा, “वे संप्रभु समानता के सिद्धांत और विकास के अपने स्वयं के मॉडल के अधिकार को भी कायम रखते हैं.” पुतिन ने कहा कि जहां तक रूस का सवाल है, उसका दृष्टिकोण सैद्धांतिक एवं अपरिर्वितत बना हुआ है. उन्होंने कहा, ”मैंने कई बार कहा है और मैं इसे दोहराऊंगा: हमें लगता है कि नयी सुरक्षा संरचना समान और अविभाज्य होनी चाहिए, यानी सभी देशों को अपनी सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए, लेकिन दूसरे देशों की सुरक्षा एवं हितों की कीमत पर नहीं.”

रूस ने 120 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों को आमंत्रित किया है, जिनमें ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) संगठन और एससीओ (शंघाई सहयोग संगठन) के प्रतिनिधि शामिल हैं. भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को 27-29 मई को आयोजित इस सम्मेलन में भाग लेना था, लेकिन मौसमी फ्लू के कारण अस्वस्थता की वजह से वह ऐसा नहीं कर सके. रूस में राजदूत विनय कुमार भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button