सलमान खान की फिल्म के सेट पर घुसा शख्स, उनके अंगरक्षक को धमकाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Dec 2024 09:49 PM
सलमान खान की फिल्म के सेट पर घुसा शख्स, उनके अंगरक्षक को धमकाया
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म के सेट पर घुसने और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर उनके अंगरक्षक को धमकाने के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
एक अधिकारी ने बताया कि घटना के समय खान बुधवार को शिवाजी पार्क इलाके में सेट पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने बताया कि आरोपी फिल्म उद्योग में काम करने वाला एक जूनियर कलाकार है जिसके खिलाफ गैर-संज्ञेय शिकायत दर्ज की गई है.

उन्होंने बताया कि जब आरोपी सेट पर पहुंचा तो एक अंगरक्षक ने उसे रोका और पूछा कि वह वहां क्या कर रहा है. शिकायत के अनुसार, उनके बीच बहस हुई और आरोपी ने बिश्नोई का नाम लेकर उसे धमकी दी. शिवाजी पार्क पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351 (2) के तहत कथित आपराधिक धमकी के लिए गैर संज्ञेय मामला दर्ज किया. अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी और अंगरक्षक एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच कुछ विवाद था.

गैर-संज्ञेय मामले में, पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर सकती या किसी व्यक्ति को तब तक गिरफ्तार नहीं कर सकती जब तक कि अदालत द्वारा निर्देश न दिया जाए. सलमान खान (58) को पहले भी बिश्नोई गिरोह से कई धमकियां मिल चुकी हैं. गिरोह के दो सदस्यों ने कथित तौर पर इस साल अप्रैल में उनके आवास के बाहर गोलीबारी की थी. बाद में, पनवेल पुलिस ने भी खान पर हमले की साजिश का पर्दाफाश करने का दावा किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu