पाकिस्तान-चीन सहयोग का नया युग शुरू हुआ है : शहबाज शरीफ

पाकिस्तान को तीन साल में तेल, गैस खोज क्षेत्र में पांच अरब डॉलर का निवेश मिलने की उम्मीद : शरीफ

इस्लामाबाद. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), संचार, खनन एवं ऊर्जा क्षेत्रों में पाकिस्तान-चीन सहयोग का एक नया युग शुरू हो गया है और इससे आर्थिक विकास होगा तथा समय की कसौटी पर खरे उतरे द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ होंगे. रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार शरीफ की यह टिप्पणी शनिवार को इस्लामाबाद में चीन की अपनी हालिया यात्रा के दौरान किए गए समझौतों और सहमति ज्ञापनों के क्रियान्वयन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए आई.

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में पाकिस्तान-चीन सहयोग को बढ़ावा देने से आर्थिक विकास होगा, क्षेत्रीय संबंधों में मजबूती आएगी और दोनों देशों के बीच संबंध प्रगाढ़ होंगे. उन्होंने पाक-चीन की मित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि चीन ने हमेशा मुश्किल समय में पाकिस्तान का साथ दिया है.

उन्होंने कहा, “चीन सबसे मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है और पाकिस्तान उसके विकास का अनुकरण कर सकता है.” प्रधानमंत्री को हाल ही में पाकिस्तान की यात्रा पर आए चीनी जूता निर्माण कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल के बारे में भी जानकारी दी गई जो नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में अपनी विनिर्माण इकाइयां स्थानांतरित करने जा रही हैं. उन्होंने बताया कि चीनी कंपनियों के पास इस क्षेत्र में पांच से आठ अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की क्षमता है.

पाकिस्तान को तीन साल में तेल, गैस खोज क्षेत्र में पांच अरब डॉलर का निवेश मिलने की उम्मीद : शरीफ
पाकिस्तान को अगले तीन साल में पेट्रोलियम और गैस भंडार की खोज और विकास के लिए स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से पांच अरब डॉलर का निवेश मिलने की उम्मीद है. इससे नकदी संकट से जूझ रहे देश को बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की बचत होगी और ईंधन की ऊंची कीमतों की मार झेल रहे आम आदमी को राहत मिलेगी. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में तेल एवं गैस खोज और उत्पादन क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ शनिवार को हुई बैठक में यह घोषणा की गई.

सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ के अनुसार, बैठक में बताया गया कि तीन साल के दौरान पाकिस्तान में पेट्रोलियम और गैस की खोज के लिए पांच अरब डॉलर के निवेश से लगभग 240 स्थानों पर खुदाई की जाएगी. बैठक में बताया गया कि वर्तमान में पाकिस्तान का घरेलू उत्पादन 70,998 बैरल और 3,131 एमएमएससीएफडी (मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट) गैस प्रतिदिन है. प्रधानमंत्री ने पेट्रोलियम और गैस खोज एवं उत्पादन कंपनियों को भी अपतटीय भंडार खोजने के लिए आमंत्रित किया.
प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा, “पाकिस्तान में स्थानीय स्तर पर तेल और गैस भंडार की खोज हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान तेल और गैस आयात करने के लिए हर साल अरबों डॉलर खर्च करता है.

शरीफ ने बैठक में कहा, “स्थानीय भंडार से उत्पादन से पाकिस्तान को बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की बचत होगी और ईंधन एवं गैस आम आदमी के लिए सस्ती हो जाएगी.” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए. वर्तमान में पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 265.61 रुपये प्रति लीटर, हाई-स्पीड डीजल की कीमत 277.45 रुपये प्रति लीटर और ‘लाइट-स्पीड’ डीजल की कीमत 166.86 रुपये प्रति लीटर है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button