पीलीभीत में तीर्थयात्रियों की बस पलटने से एक युवती की मौत, 20 से अधिक श्रद्धालु घायल

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 22 Oct 2025 01:25 PM
पीलीभीत में तीर्थयात्रियों की बस पलटने से एक युवती की मौत, 20 से अधिक श्रद्धालु घायल
ऑडियो सुनें

पीलीभीत: पीलीभीत में बरेली-हरिद्वार राजमार्ग पर बुधवार तड़के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक युवती की मौत हो गई और 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से आठ की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे जहानाबाद थाना क्षेत्र के निसरा और सरदारनगर गांव के बीच हुआ।

जहानाबाद थाना प्रभारी प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि इस दुर्घटना में बरेली के मढ़ीनाथ मोहल्ले की निवासी दुर्गा (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें से आठ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने फरार बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसने बताया कि बस में सवार सभी 54 श्रद्धालु बरेली जिले के रहने वाले थे, जो 20 अक्टूबर की रात चौपुला से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उन्होंने नैनीताल के गिरिजा देवी मंदिर, हनुमान धाम और नानकमत्ता गुरुद्वारा में दर्शन किए थे।

पुलिस के अनुसार, सभी श्रद्धालु मंगलवार देर रात नानकमत्ता से लौट रहे थे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी शेखर के हवाले से बताया कि बस चालक यात्रा के दौरान नशे में था और सफर के दौरान बस तीन बार पंचर भी हुई थी। बताया गया कि चालक ने तेज रफ्तार में बस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

जहानाबाद थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर राहत कार्य शुरू कर घायलों को जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सौरभ ने बताया कि 20 घायलों में से आठ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital