
नयी दिल्ली/दुबई. पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा की शानदार पारी ने पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन और केविन पीटरसन को आश्चर्यचकित कर दिया. भारतीय ऑफ स्पिनर ने तो यहां तक ??कह दिया है कि यह युवा खिलाड़ी ‘भारत के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक’ बन जाएगा.
अभिषेक की 39 गेंद पर 74 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने रविवार को एशिया कप के सुपर चार चरण के मुकाबले में पाकिस्तान को आसानी से छह विकेट से मात दी. अभिषेक ने इस पारी में धैर्य और आक्रमण का शानदार मिश्रण दिखाते हुए कमाल के शॉट लगाये.
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह अभिषेक शर्मा का आगमन नहीं है. यह तो बस शुरुआत है. उसने अभी-अभी शुरू किया है और उसका भविष्य बहुत लंबा है. वह क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचाने जा रहा है.” अश्विन ने 23 साल के अभिषेक की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपने गुरु युवराज सिंह की विरासत को आगे बढ़ाएंगे.
उन्होंने कहा, ”यह बात लिख लीजिए. उनमें बहुत क्षमता है. जिस तरह से युवराज सिंह सीमित ओवरों में भारत के लिए सबसे शानदार खिलाड़ियों में से एक रहे हैं अभिषेक के पास भी सीमित ओवरों के प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की क्षमता है. वह उस स्तर तक आसानी से पहुंच सकते हैं. मुझे लगता है कि वह युवराज की विरासत को आगे बढ़ाएंगे. वह एक अद्भुत प्रतिभा हैं.” अभिषेक की पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल थे, लेकिन अश्विन के लिए उनके शॉट लगाने की कलात्मकता सबसे अलग थी. इस खब्बू बल्लेबाज ने पारी के आठवें ओवर में सईम अयूब के खिलाफ महान महेंद्र सिंह धोनी के अंदाज में ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ जैसे स्ट्रोक के साथ चौका जड़ा.
अश्विन ने कहा, ”अभिषेक शर्मा ने धोनी की तरह हेलीकॉप्टर कवर ड्राइव मारा. हर कोई उनके पांच छक्कों की बात करेगा, लेकिन मैं इस कवर ड्राइव के बारे में बात करना चाहता हूं, क्योंकि यह काफी दिलकश शॉट था.” अभिषेक ने अपने बचपन के दोस्त शुभमन गिल के साथ 105 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की नींव रखी. वह टूर्नामेंट के मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा (173) रन बनाने वाले बल्लेबाज है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी अभिषेक के कसीदे गढ़े.
पीटरसन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”अभिषेक शर्मा अलग स्तर का खिलाड़ी है. वह ऐसा खिलाड़ी है जो कभी-कभी असफल होगा और ऐसे शॉट पर आउट होगा जिसकी काफी आलोचना होगी. वह अपने करियर में लाखों लोगों के चेहरों पर मुस्कान और खुशी लाएंगा क्योंकि वह दुनिया भर के गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बटोरेगा. उनकी आंखें में रनों की भूख दिखती है. दोस्त, इस तेवर को बनाये रखो.”
आग और बर्फ की तरह हैं शुभमन और अभिषेक , कहा सूर्यकुमार ने
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का मानना है कि जिगरी दोस्त अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बल्लेबाजी के विपरीज अंदाज से भारतीय टी20 क्रिकेट को ‘ आग और बर्फ’ का संयोजन मिल गया है . पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर 4 मैच में जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दस साल की उम्र से साथ खेल रहे दोनों दोस्तों ने 105 रन की साझेदारी की . अभिषेक ने 39 गेंद में 74 रन बनाये जबकि गिल ने 28 गेंद में 47 रन जोड़े .
सूर्यकुमार ने छह विकेट से मिली जीत के बाद कहा ,” यह आग और बर्फ जैसा संयोजन है . दोनों एक दूसरे के पूरक हैं . यही मैं देखना चाहता हूं . अगर एक जबर्दस्त बल्लेबाजी कर रहा है तो दूसरा सहायक की भूमिका निभाकर स्ट्राइक रोटेट कर सकता है . हमें अच्छी शुरूआत की जरूरत थी और दोनों ने वह दी .” पंजाब में अंडर 12 दिनों से साथ खेल रहे अभिषेक और गिल एक दूसरे के खेल को बखूबी जानते हैं और मौके के हिसाब से भूमिकायें बदल लेते हैं .
सूर्यकुमार का मानना है कि मैदान के बाहर की अच्छी दोस्ती मैदान पर आपसी समझ में भी परिलक्षित होती है . उन्होंने कहा ,” मैदान के बाहर अच्छे दोस्त होना जरूरी है . जब आप पारी की शुरूआत कर रहे हैं तो यह समझ काफी जरूरी है . एक रन लेने के लिये एक नजर का इशारा ही काफी होता है . जब ये दोनों साथ में बल्लेबाजी करते हैं तो इनकी दोस्ती दिखती है .” कोरोना काल में दोनों चंडीगढ में युवराज सिंह के घर पर थे और साथ में अभ्यास किया करते थे .
सूर्यकुमार ने अभिषेक के बारे में कहा ,” अभिषेक काफी निस्वार्थ बल्लेबाजी करता है . पावरप्ले में वह आक्रामक खेलता है और उसके बाद भी उसे पता है कि क्या जरूरी है . वह हालात का आकलन करके मैच दर मैच सीख रहा है . वह अभ्यास कभी नहीं चूकता .” गिल के बारे में उन्होंने कहा ,” शुभमन के बारे में सभी को पता है कि वह कैसा खिलाड़ी है . मैं इतना ही कहूंगा कि उसे पता है कि रन कैसे बनाना है . उनसे आज अपने शॉट्स पर भरोसा करके जोखिम कम लिया .”
इसे प्रतिद्वंद्विता कहना बंद करें, मुकाबला ही नहीं है : भारत . पाक मैचों पर बोले सूर्यकुमार
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों को जबर्दस्त प्रतिद्वंद्विता कहना बंद करने का आग्रह किया है चूंकि उनकी टीम का चिर प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह से दबदबा रहा है . भारत ने एशिया कप सुपर 4 मैच में पाकिस्तान को रविवार को छह विकेट से हराया . टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दोनों टीमों का सामना 15 बार हुआ है और भारत ने 12 बार जीत दर्ज की है .
रविवार के मैच के बाद पाकिस्तान के एक सीनियर पत्रकार ने दोनों टीमों के बीच प्रदर्शन में अंतर के बारे में पूछा तो सूर्यकुमार ने मुस्कुराते हुए कहा ,” सर, मेरी गुजारिश है कि आप भारत और पाकिस्तान के मैचों को प्रतिद्वंद्विता कहना बंद कर दें .” जब पत्रकार ने कहा कि वह प्रदर्शन के स्तर की बात कर रहे हैं, प्रतिद्वंद्विता की नहीं , इस पर भारतीय कप्तान ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता .
उन्होंने कहा ,” प्रतिद्वंद्विता और स्तर सभी बराबर है . प्रतिद्वंद्विता कहां है . अगर दो टीमें 15 मैच खेले और 8 . 7 का आंकड़ा हो तो प्रतिद्वंद्विता होती है . यहां तो 13 . 1 (12 . 3) या ऐसा ही कुछ है . कोई मुकाबला ही नहीं है .” जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 39 गेंद में 74 रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों का बेवजह लड़ने का इरादा उन्हें पसंद नहीं आया जिसकी वजह से बहस हुई .
अभिषेक और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिये 105 रन की साझेदारी की . अभिषेक ने मैच के बाद कहा ,” जिस तरह से पाकिस्तानी खिलाड़ी बिना वजह हमसे भिड़ रहे थे, मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आया और उनका इलाज आक्रामक बल्लेबाजी से ही करना था . ” पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी से अभिषेक और गिल की बहस हुई . गिल के साथ साझेदारी के बारे में अभिषेक ने कहा ,” हम स्कूली दिनों से साथ खेल रहे हैं और एक दूसरे के साथ खेलने में मजा आता है . हमें लगा कि आज बड़ी साझेदारी बनायेंगे . जिस तरह से वह खेल रहा था, मुझे बहुत मजा आ रहा था .”



