मेरे लिए गोलियों से बेहतर दवा अभिनय है : सुष्मिता सेन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Aug 2023 08:37 PM
मेरे लिए गोलियों से बेहतर दवा अभिनय है : सुष्मिता सेन
ऑडियो सुनें

मुंबई. बालीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन का कहना है कि एक कलाकार का जीवन आसान नहीं है, हालांकि यह सौभाग्य की बात है. सेन निराशा में घिरने पर खुद को प्रोत्साहित करने का श्रेय अपने काम (अभिनय) को देती हैं. मार्च में दिल का दौरा पड़ने के बाद एंजियोप्लास्टी से गुजरने वाली सेन ने कहा कि डॉक्टरों द्वारा अनुशंसित सभी गोलियों की तुलना में अभिनय एक बेहतर दवा है.

पीटीआई-भाषा से खास बातचीत में उन्होंने कहा, ”स्वास्थ्य अच्छा है, क्योंकि वे (डॉक्टर) आपको बहुत सारी गोलियां देते हैं. पर काम मुझे ज्यादा स्वस्थ रखता है. जब मैं काम कर रही होती हूं तो दिमाग को मायूस करने वाले विचार नहीं आते. आप आगे बढ़ते रहें और वही करें जो सबसे अच्छा है.” उन्होंने यह भी कहा, ” बतौर अभिनेत्री या सृजन शील व्यक्ति जीवन आसान नहीं है, लेकिन ऐसा जीवन पाना हम जैसे अधिकांश लोगों के लिए सौभाग्य की बात है. जब भी आप पूरी तरह से थक जाएं, तो अपने आप से कहें ‘कितने लोगों को यह मिलता है? तुम बहुत भाग्यशाली हो’, खामोश रहो और कार्य करो.” सेन(47) जियो सिनेमा पर वेब सीरीज ‘ताली’ से वापसी कर रही हैं. यह ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता गौरी सावंत की कहानी पर आधारित है. ‘आर्या’ के बाद यह उनकी दूसरी वेब सीरीज है.

मिस यूनिवर्स रह चुकी सुष्मिता को ‘बीवी नंबर 1’, ‘फिलहाल’, ‘मैंने प्यार क्यों किया’ और ‘मैं हूं ना’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है उन्होंने कहा कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने उन्हें एक अभिनेता के रूप में ‘उभरने’­ का मौका दिया है. उन्होंने कहा, ”मैं ओटीटी की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं. इसके बारे में जब चर्चा भी नहीं होती थी तब मैं इस पर (ओटीटी पर) काम करने वाली मुख्यधारा की प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल रही हूं. ” ताली का निर्देशन ‘नटरंग’ से शोहरत बटोरने वाले और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रवि जाधव द्वारा किया गया है. ताली 15 अगस्त को प्रर्दिशत होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu