‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं अभिनेत्री रिया सेन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Nov 2022 07:55 PM
‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं अभिनेत्री रिया सेन
ऑडियो सुनें

अकोला. अभिनेत्री रिया सेन महाराष्ट्र के अकोला जिले में बृहस्पतिवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और पार्टी के नेता राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की. इस महीने की शुरुआत में अभिनेत्री एवं फिल्मकार पूजा भट्ट भी हैदराबाद में यात्रा में शामिल हुईं थी. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर गांधी के साथ सेन की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा गया, ‘‘ अभिनेत्री रिया सेन आज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का हिस्सा बनीं. अब सड़कें क्रांति देख रही हैं.’’

फिल्म ‘झंकार बीट्स’ की अभिनेत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ ऐसी पहल का हिस्सा बनकर खुश हूं जो देश के लोगों को एकसाथ लाने पर केंद्रित है. एकता दिखाने की इस साहसिक पहल के लिए राहुल गांधी का शुक्रिया.’’ तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बृहस्पतिवार को 71वें दिन में प्रवेश कर गई. वहीं, महाराष्ट्र में यह यात्रा का 11वां दिन है.

महाराष्ट्र के पोतुर शहर से बृहस्पतिवार सुबह छह बजे यात्रा फिर शुरू की गई. यह शाम को बालापुर के लिए रवाना होगी और शुक्रवार सुबह बुलढाणा जिले के शेगांव पहुंचेगी. ‘भारत यात्रियों’ ने नांदेड जिले से सात नवंबर को महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आरंभ किया था. नांदेड के अलावा यात्रा अभी तक राज्य के हिंगोली और वाशिम जिलों से गुजर चुकी है. महाराष्ट्र के अकोला और बुलढाणा जिले से गुजरने के बाद 20 नवंबर को यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu