अधिवक्ता सोमशेखर सुंदरेसन ने बंबई उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 28 Nov 2023 12:59 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई: अधिवक्ता सोमशेखर सुंदरेसन ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम द्वारा 11 महीने पहले सुंदरेसन के नाम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने 23 नवंबर को उन्हें उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया था।

बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय ने सुंदरेसन को मंगलवार को पद की शपथ दिलाई।
अक्टूबर 2021 में बंबई उच्च न्यायालय के कोलेजियम ने न्यायाधीश के तौर पर सुंदरेसन के नाम की सिफारिश की थी। इसके बाद उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने भी फरवरी 2022 में उनके नाम की सिफारिश की थी।

नवंबर 2022 में केंद्र सरकार ने सुंदरेसन की उम्मीदवारी पर पुर्निवचार का अनुरोध करते हुए कहा था कि ‘‘उन्होंने कई मामलों पर सोशल मीडिया में अपने विचार व्यक्त किए हैं जो अदालतों के समक्ष विचार का विषय हैं।’’ उच्चतम न्यायालय कोलेजियम ने इस साल जनवरी में सुंदरेसन को न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की अपनी सिफारिश दोहराई और कहा कि सोशल मीडिया पर व्यक्त किए गए उम्मीदवार (सुंदरेसन) के विचार से इस बात का अनुमान लगाने का कोई आधार नहीं है कि वह पक्षपातपूर्ण थे।

केंद्र सरकार ने 23 नवंबर को उनके नाम को मंजूरी दे दी और उन्हें अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया।
वर्तमान में बंबई उच्च न्यायालय में 94 न्यायाधीशों की स्वीकृत क्षमता के मुकाबले 68 न्यायाधीश कार्यरत हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav