अफगानिस्तान में बड़ी संख्या में महिला, बच्चे ‘अफवाह’ के बाद काबुल हवाई अड्डे पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Feb 2023 07:13 PM
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. तुर्किये भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए उड़ानें रवाना होने की अफवाह फैलने के बाद सैंकड़ों की संख्या में अफगान महिलाएं और बच्चे अफगानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित हवाईअड्डे पहुंच गए. बुधवार को सोशल मीडिया पर साझा किये गए वीडियो और तस्वीरों में सैकड़ों लोग अंधेरे और ठंड में हवाईअड्डे की तरफ पैदल जाते नजर आ रहे हैं. इस दृश्य ने अगस्त 2021 की याद ताजा कर दी जब देश में तालिबान के सत्ता पर काबिज होने के बाद हजारों लोग हवाई मार्ग से देश से बाहर निकलने के प्रयास में हवाई अड्डे पहुंच गए थे.

काबूल निवासी अब्दुल गफार (26) ने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि तुर्किये को मदद के लिए लोगों की जरूरत है, इसलिए मैंने सोचा कि मैं वहां जाकर जरूरतमंद लोगों की मदद करू. यह मेरे लिए देश से बाहर निकलने का एक अवसर भी हो सकता है.’’ उन्होंने बताया कि उसने ठंड के बीच हवाई अड्डे के पास तीन घंटे तक इंतजार किया, जब तालिबान बलों ने बताया कि तुर्किये के लिए ऐसी कोई उड़ान नहीं है, तो वे वापस घर आ गए.

वहीं, काबूल पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता खालिद जादरां ने बताया कि काबूल से ऐसी कोई उड़ान नहीं है. उन्होंने लोगों से कहा कि वे किसी अफवाह के चलते व्यवस्था को बाधित नहीं करें. तालिबान सरकार ने एक बयान जारी करके भूकंप प्रभावित तुर्किये और सीरिया के प्रति संवेदना जतायी. साथ ही उसने तुर्किये को एक करोड़ अफगानी और सीरिया को 50 लाख अफगानी का राहत पैकेज देने की घोषणा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu