मप्र सरकार में काबीना मंत्री बनने के बाद विजयवर्गीय ने भाजपा महासचिव पद छोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Dec 2023 07:47 PM
मप्र सरकार में काबीना मंत्री बनने के बाद विजयवर्गीय ने भाजपा महासचिव पद छोड़ा
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल में काबीना मंत्री के रूप में शामिल होने के तीन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी संगठन के इस पद से बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया. विजयवर्गीय ने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, ”आज मैं नड्डा से मिला. हमारी पार्टी के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ सिद्धांत के अनुसार मैंने उन्हें महासचिव पद से इस्तीफा सौपा.”

उन्होंने कहा, ”मेरा सौभाग्य रहा कि मैंने नौ वर्ष तक पहले अमित शाह और फिर नड्डा के मार्गदर्शन में देश के विभिन्न स्थानों पर संगठन को गढ़ने में प्राण-प्रण से कार्य किया. अब मुझे पार्टी ने मध्यप्रदेश में एक नई भूमिका के लिए भेजा है.” विजयवर्गीय और भाजपा के 17 अन्य नवनिर्वाचित विधायकों को मुख्यमंत्री यादव के मंत्रिमंडल में काबीना मंत्री के तौर पर 25 दिसंबर को शामिल किया गया था. विजयवर्गीय ने 10 साल के लम्बे अंतराल के बाद चुनावी राजनीति में वापसी करते हुए इंदौर-1 सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था. उन्होंने इस सीट पर कांग्रेस के निवर्तमान विधायक और अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी संजय शुक्ला को 57,939 मतों से हराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu