पहलगाम हमला के बाद प्रांतीय मंत्री ने कहा : ‘पाकिस्तान किसी भी आक्रमण के लिए तैयार’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 10:02 PM
पहलगाम हमला के बाद प्रांतीय मंत्री ने कहा : ‘पाकिस्तान किसी भी आक्रमण के लिए तैयार’
ऑडियो सुनें

लाहौर. पाकिस्तान की पंजाब सरकार में एक मंत्री ने बुधवार को कहा कि उनका देश भारत की ओर से ‘किसी भी संभावित आक्रमण के लिए पूरी तरह से तैयार है’. मंत्री के इस बयान से संकेत मिलता है कि भारत पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जवाबी कार्रवाई कर सकता है. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई है.

पंजाब की सूचना मंत्री आजमा बुखारी ने एक वीडियो क्लिप में कहा, “इस फर्जी नाटक के बहाने अगर भारत किसी भी तरह का दुस्साहस करता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.” उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की. ‘फर्जी नाटक’ से पाकिस्तान का मतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई घटना के पीछे भारत का ही हाथ है और इसका उद्देश्य पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करने का बहाना बनाना है.

बुखारी ने बयान में कहा, “पिछली बार हमने चाय पिलाई थी लेकिन इस बार शायद इतनी विनम्रता न हो.” यह संदर्भ 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविर पर भारतीय वायुसेना के हमले से था.
पाकिस्तान वायुसेना ने एक भारतीय विमान को गिरा दिया गया था, जिसके बाद विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पाकिस्तान ने बंदी बना लिया था और करीब दो दिन बाद वापस भेजा था.

मंत्री ने कहा, “कभी-कभार मेहमान का आना ठीक है. लेकिन अगर मेहमान बार-बार आने लगें तो पाकिस्तान की सेना, उसके लोग और देश की सरकार जानती है कि कैसे जवाब देना है.” उन्होंने ‘हालिया घटना’ पर खेद जताया और दावा किया कि यह ‘फर्जी नाटक’ है.

आजमा बुखारी ने आरोप लगाया, “यह एक और कायराना कोशिश है, ठीक वैसे ही जैसे भारत ने अतीत में की है, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान पर झूठा आरोप लगाना है.” बुखारी ने कहा, “भारत द्वारा किया गया कोई भी ‘सैन्य दुस्साहस’ एक बड़ी गलती होगी.” उन्होंने कहा, “अतीत की तरह, पाकिस्तान हर मोर्चे पर एक मजबूत और प्रभावी जवाब देगा. हम अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं.” मंत्री ने दावा किया कि भारतीय लोग इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि इस तरह का हमला एक बेहद संवेदनशील क्षेत्र में कैसे हो सकता है, जहां 7,00,000 भारतीय सैनिक निगरानी कर रहे हैं. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बुधवार को पहलगाम में हुई मौतों पर शोक जताया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu