
मुंबई/रायपुर. बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी मिली है और उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है. मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है. छत्तीसगढ. की राजधानी रायपुर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने आज रायपुर में एक वकील फैजान खान से पूछताछ की तथा उसे नोटिस दिया है. अभिनेता को फैजान के नाम पर दर्ज फोन नंबर से धमकी दी गई थी.
अधिकारी ने बताया कि वकील ने पुलिस को बताया कि पिछले सप्ताह उसका फोन खो गया था और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. अभिनेता सलमान खान को दी गई धमकियों के बाद अब शाहरुख को धमकी मिली है. सलमान खान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की तरफ से धमकी मिली थी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ”शाहरुख खान को धमकी देने वाला एक कॉल बांद्रा पुलिस थाने को आया और 50 लाख रुपए मांगे गए. मामला दर्ज कर लिया गया है. अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.” अधिकारी ने बताया कि बांद्रा पुलिस ने शाहरुख खान को धमकी देने वाले अज्ञात कॉलर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4) (जान से मारने या गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी देकर जबरन वसूली) और 351(3)(4) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है.
उन्होंने बताया कि आगे की जांच के लिए पुलिस की कई टीम विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं. रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि शाहरुख खान को धमकी मामले में मुंबई पुलिस आज सुबह रायपुर के पंडरी थाने पहुंची और मामले की जानकारी दी जिसके बाद फैजान को पूछताछ के लिए वहां बुलाया गया. पहले इस व्यक्ति का नाम फैयाज. खान बताया गया था.
सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान पेशे से वकील फैजान ने जानकारी दी कि पिछले सप्ताह उसका फोन खो गया था और उसने इस संबंध में यहां खमारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस इसकी जांच कर रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने फैजान को नोटिस जारी कर आगे की पूछताछ के लिए बुलाया है.



