वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 08:01 PM
वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. यह बैठक नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी द्वारा प्रधानमंत्री को अरब सागर में अहम समुद्री मार्गों की समग्र स्थिति से अवगत कराने के 24 घंटे से भी कम समय बाद हुई है.

सूत्रों ने बताया कि वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक की. हालांकि, उन्होंने इससे अधिक कोई जानकारी नहीं दी.
भारत ने पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले के तार ‘सीमा पार’ से जुड़े होने का हवाला देते हुए हमले में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने का संकल्प लिया है.

पिछले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में सशस्त्र बलों को पहलगाम आतंकवादी हमले का जवाब देने के तरीके, लक्ष्य और समय पर निर्णय लेने के लिए ”पूरी छूट” दी. हमले के एक दिन बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक उपायों की घोषणा की, जिसमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी भूमि सीमा क्रॉसिंग को बंद करना और राजनयिक संबंधों को कमतर करना शामिल था.

जवाब में, पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया तथा किसी तीसरे देश के माध्यम से होने वाले व्यापार सहित भारत के साथ सभी प्रकार का व्यापार बंद कर दिया. ताजा दंडात्मक उपायों के तहत भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा और लोक नीति के आधार पर तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान से सभी वस्तुओं के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. नयी दिल्ली ने पाकिस्तान से सभी डाक सेवाओं को भी निलंबित कर दिया है और भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी झंडे वाले जहाजों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu